कुरुक्षेत्र । शहर में दिनदहाड़े हुई चोरी की बड़ी वारदात ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। शहर के पॉश इलाके सेक्टर-7 में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए रिटायर्ड CMO के घर से लाखों के सोने के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार सेक्टर-7 स्थित मकान नंबर 642 में रहने वाले रिटायर्ड CMO डॉक्टर जगमाल अपनी पत्नी के साथ रहते हैं। वारदात के समय दोनों घर पर मौजूद नहीं थे। इसी दौरान पड़ोसी ने फोन कर सूचना दी कि उनके घर के ताले टूटे हुए हैं। सूचना मिलते ही डॉक्टर जगमाल तुरंत घर पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी का सामान अस्त-व्यस्त मिला।

पीड़ित ने घर के अंदर जांच की तो पता चला कि चोर दो सोने की चेन, जिनका वजन करीब 8 से 10 तोला बताया जा रहा है, साथ ही ₹10 हजार की नकदी चोरी कर ले गए। घटना के बाद डॉक्टर जगमाल ने तुरंत पुलिस को सूचना देकर कार्रवाई की मांग की।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द खुलासे का दावा कर रही है।