रामकुमार यादव, सरगुजा। अंबिकापुर में महज 70 रुपये के उधार के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। गांधीनगर थाना क्षेत्र में शराब दुकान के पास हुए विवाद में पिता-पुत्र ने दो युवकों पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। बीच-बचाव करने पहुंचे एक अन्य युवक को भी आरोपियों ने चाकू मारकर घायल कर दिया।

मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र के भगवानपुर स्थित अंग्रेजी शराब दुकान के पास का है। बताया जा रहा है कि 70 रुपये के उधार को लेकर विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि पिता-पुत्र ने चाकू निकालकर दो युवकों पर हमला कर दिया। इस हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। एक घायल को इलाज के दौरान 41 टांके, जबकि दूसरे युवक को 22 टांके लगाए गए हैं। दोनों का अस्पताल में उपचार जारी है।

बीच-बचाव करने पहुंचे युवक पर भी हमला

घटना के दौरान विवाद शांत कराने और बीच-बचाव करने पहुंचे एक युवक को भी आरोपियों ने नहीं बख्शा। आरोपियों ने उस पर भी चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह भी घायल हो गया। महज 70 रुपये के विवाद में हुई इस चाकूबाजी की घटना ने अंबिकापुर में बढ़ते आपराधिक दुस्साहस को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

घटना की जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई में जुटी है। घटना के पीछे की पूरी वजह और विवाद के दौरान मौजूद अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H