रेणु अग्रवाल, धार। मध्य प्रदेश के धार जिले में स्थित ऐतिहासिक भोजशाला को लेकर आज का शुक्रवार बेहद महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक होने जा रहा है। हाईकोर्ट के फैसले के बाद, आज दोपहर 1:00 बजे हिंदू पक्ष भोजशाला में महाआरती करने जा रहा है। इस संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए और पूरे शहर को छावनी में तब्दील कर दिया है।
महाआरती में होंगे शामिल
भोजशाला के इतिहास में यह पहला मौका है जब हिंदू पक्ष शुक्रवार के दिन दोपहर 1:00 बजे यहां महाआरती का आयोजन कर रहा है। भोज उत्सव समिति के संरक्षक अशोक जैन के मुताबिक, सभी कार्यकर्ता सीधे भोजशाला पहुंचकर शांतिपूर्ण तरीके से महाआरती में शामिल होंगे।
मस्जिदों और अपने घरों में पढ़ेंगे
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुस्लिम समाज ने भी एक सराहनीय और नया ऐलान किया है। समाज ने सभी से कानून का पालन करने की अपील करते हुए कहा है कि आज वे अपने-अपने क्षेत्रों की स्थानीय मस्जिदों या अपने घरों के आंगन में ही जुमे की नमाज अदा करें।
1500 से 2000 पुलिस जवान तैनात
पुलिस कप्तान (SP) सचिन शर्मा ने बताया कि सुरक्षा के लिहाज से पूरे शहर में 1500 से 2000 पुलिस जवानों को तैनात किया गया है। इसके लिए अन्य जिलों से भी अतिरिक्त पुलिस फोर्स बुलवाया गया है। चप्पे-चप्पे पर चौकसी रखने के लिए आधुनिक तकनीक का सहारा लिया जा रहा है। पूरे क्षेत्र की निगरानी ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी नेटवर्क के जरिए की जा रही है। इससे पहले कल पुलिस ने शहर में फ्लैग मार्च निकालकर कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को सख्त चेतावनी भी दी थी।
गोली मारकर हत्या से फैली सनसनीः बाइक सवार बदमाशों ने वारदात को दिया अंजाम,

