कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। क्या आप अपनी जेब में बम लेकर घूम रहे हैं? ऐसा बम, जो कभी भी फट सकता है और आपको संभलने तक का मौका नहीं देगा। जी हां, हम बात कर रहे हैं आपके मोबाइल फोन की। ग्वालियर में आई केयर क्लीनिक के अंदर युवक के हाथ में अचानक मोबाइल फोन ब्लास्ट हो गया। मोबाइल में आग लगते ही क्लीनिक में भगदड़ मच गई। हैरानी की बात ये है कि जिस वक्त यह घटना हुई, वहां मरीजों के साथ नवजात बच्चे भी मौजूद थे। पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हुई है।

दरअसल, ग्वालियर के एक आई केयर क्लीनिक में एक युवक सोफे पर बैठकर मोबाइल चला रहा था। इसी दौरान अचानक उसके हाथ में मोबाइल फोन फट गया। मोबाइल में ब्लास्ट होते ही आग की लपटें उठने लगीं। युवक ने घबराकर मोबाइल को सोफे से नीचे फेंक दिया। देखते ही देखते आग फैलने लगी और क्लीनिक में मौजूद मरीजों के बीच अफरा-तफरी मच गई। बताया गया है कि घटना के वक्त क्लीनिक में एक महिला नवजात बच्चे को लेकर बैठी थी,

जबकि उसके साथ एक अन्य बच्चा भी मौजूद था। ऐसे में मोबाइल ब्लास्ट की घटना किसी बड़े हादसे की वजह बन सकती थी। हालात बिगड़ते देख क्लीनिक का एक कर्मचारी बाल्टी में पानी लेकर पहुंचा और आग बुझाने की कोशिश की। कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। मोबाइल फटने की पूरी घटना CCTV में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है।

मोबाइल आखिर बम की तरह क्यों फटता है?

बता दें कि मोबाइल फोन में लिथियम आयन बैटरी का इस्तेमाल होता है। इस बैटरी के अंदर होने वाली एक तकनीकी गड़बड़ी कभी-कभी उसे खतरनाक बना सकती है। इसे टेक्निकल भाषा में थर्मल रनअवे कहा जाता है। इसमें बैटरी का तापमान तेजी से बढ़ता है और आग लगने या विस्फोट जैसी स्थिति बन सकती है।

मोबाइल ब्लास्ट होने की मुख्य वजहें भी समझ लीजिए…

  • पहली वजह- खराब या नकली चार्जर का इस्तेमाल,जिससे बैटरी को नुकसान पहुंच सकता है
  • दूसरी वजह- मोबाइल की बैटरी का फूलना, पुरानी होना या खराब हो जाना
  • तीसरी वजह- मोबाइल का गिरना, दबना या बैटरी का अंदर से क्षतिग्रस्त होना
  • चौथी वजह- मोबाइल को अत्यधिक गर्म वातावरण में रखना या लंबे समय तक ओवरहीट होने देना
  • पांचवीं वजह- घटिया क्वालिटी की बैटरी या मोबाइल में तकनीकी खराबी और शॉर्ट सर्किट

ऐसे में मोबाइल को सुरक्षित रखने के लिए ये सावधानियां जरूरी हैं

  • हमेशा अच्छी गुणवत्ता के और कंपनी द्वारा सुझाए गए चार्जर का इस्तेमाल करें
  • मोबाइल गर्म हो रहा है या बैटरी फूल रही है तो इस्तेमाल और चार्जिंग तुरंत बंद करें
  • चार्जिंग के दौरान मोबाइल को तकिए,बिस्तर या कंबल के नीचे न रखें
  • मोबाइल की बैटरी में खुद से छेड़छाड़ न करें और अधिकृत सर्विस सेंटर से ही बदलवाएं
  • मोबाइल से धुआं निकलने या असामान्य गर्मी महसूस होने पर उसे हाथ में लेकर जांचने की कोशिश न करें,उससे दूरी बनाएं और सुरक्षित स्थान पर जाएं

बहरहाल मोबाइल हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है,लेकिन थोड़ी सी लापरवाही इसे जानलेवा भी बना सकती है। ग्वालियर की यह घटना एक चेतावनी है कि मोबाइल की बैटरी को हल्के में लेना भारी पड़ सकता है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m