० मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने दो एचसीएस अधिकारियों को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी, औद्योगिक परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार

चंडीगढ़।हरियाणा सरकार प्रदेश में औद्योगिक विकास को नई गति देने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रही है। अंबाला और नारायणगढ़ में प्रस्तावित इंडस्ट्रियल मॉडल टाउनशिप (IMT) परियोजनाओं को जल्द धरातल पर उतारने के लिए सरकार ने भूमि एकत्रीकरण की प्रक्रिया तेज कर दी है। इसी क्रम में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने दो वरिष्ठ एचसीएस अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त करते हुए परियोजनाओं की निगरानी और समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी है।

दर्शन कुमार बनाए गए नोडल अधिकारी

सरकार की ओर से जारी आदेशों के मुताबिक, अंबाला के उपमंडल अधिकारी (नागरिक) दर्शन कुमार को प्रस्तावित आईएमटी अंबाला के लिए भूमि एकत्रीकरण का नोडल अधिकारी बनाया गया है। वहीं नारायणगढ़ के एसडीएम (नागरिक) एवं नारायणगढ़ शुगर मिल्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी-सह-कार्यकारी निदेशक शिवजीत भारती को आईएमटी नारायणगढ़ के लिए यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।

सरकार का उद्देश्य भूमि अधिग्रहण से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करना और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है, ताकि औद्योगिक परियोजनाओं में किसी प्रकार की देरी न हो।

प्रदेश में औद्योगिक निवेश को मिलेगा बढ़ावा
दोनों अधिकारी अपने वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ भूमि एकत्रीकरण, विभागीय समन्वय और परियोजनाओं की प्रगति पर लगातार नजर रखेंगे। सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से प्रदेश में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा मिलेगा, नए उद्योग स्थापित होंगे और स्थानीय स्तर पर रोजगार के हजारों अवसर सृजित होंगे।औद्योगिक विकास को गति देने की इस पहल को हरियाणा सरकार की निवेश और रोजगार केंद्रित रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है।