कैथल. जिले के गांव बरटा के पास जम्मू कटरा हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। बीती रात एक कार और दूसरी गाड़ी की टक्कर हो गई, जिसके बाद कार सीधे डिवाइडर से जा टकराई। इस टक्कर के बाद कार के बुरी तरह परखच्चे उड़ गए। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि तीन से चार लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
पूजा पाठ कर लौट रहे थे
मिली जानकारी के अनुसार, कलायत कस्बे के रहने वाले कुछ श्रद्धालु पंजाब के नकोदर से दर्शन और पूजा-पाठ करके वापस अपने घर लौट रहे थे। जब उनकी गाड़ी बरटा गांव के पास पहुंची, तो हाईवे पर अचानक दूसरी तरफ से एक कार गलत दिशा में ऊपर चढ़ आई। दोनों गाड़ियों की आपस में रगड़ हुई और अनियंत्रित होकर गाड़ी डिवाइडर से टकरा गई।
पुलिस मौके पर पहुंची
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को तुरंत उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। दुखद खबर यह है कि इस दुर्घटना में कलायत की रहने वाली लगभग 50 वर्षीय निशा गुप्ता की मौत हो गई। उनकी मृत्यु की खबर सुनकर परिवार और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस ने इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है और कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हाईवे पर सुरक्षा के नियमों का पालन न करने की वजह से अक्सर ऐसे हादसे सामने आते रहते हैं, जिससे एक हंसता-खेलता परिवार पल भर में बिखर गया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

