सुरेश कुमार, सिंगरौली। मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले के वैढ़न कोतवाली थाना क्षेत्र से एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की के रहस्यमय ढंग से लापता (अपहरण) होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने ‘शहबान खान’ नामक युवक पर किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से किशोरी की जल्द बरामदगी और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
आरोपी शहबान फिलहाल जमानत पर बाहर
परिजनों के अनुसार, यह घटना 15 मई की दोपहर की है, जब किशोरी घर पर अकेली थी। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बावजूद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो उन्होंने शहबान खान पर संदेह जताया। परिजनों का दावा है कि आरोपी शहबान पूर्व में भी इसी तरह का अपराध कर चुका है और उस मामले में जेल भी जा चुका है। वह फिलहाल जमानत पर बाहर था, और इस घटना के बाद से वह भी अपने घर से गायब है, साथ ही उसका मोबाइल भी बंद आ रहा है। पीड़ित परिवार ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
जनप्रतिनिधियों के साथ थाने पहुंचे तब गुमशुदगी दर्ज
आरोप है कि कई दिनों तक थाने के चक्कर काटने के बाद भी पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और शुरुआती दौर में इसे महज गुमशुदगी बताकर पल्ला झाड़ लिया। परिवार के मुताबिक, गुरुवार को जब उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ थाने पहुंचकर दबाव बनाया, तब जाकर कहीं गुमशुदगी दर्ज की गई। थाना प्रभारी अशोक सिंह परिहार ने कहा कि गुमशुदगी दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी गई है। उन्होंने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आश्वासन दिया है कि किशोरी की बरामदगी के हर संभव प्रयास किए जाएंगे। शुरुआती स्तर पर स्टाफ द्वारा कोई लापरवाही बरती गई है, तो उसकी भी जांच की जाएगी।
29 मई महाकाल आरती: रजत चंद्रमा और कमल से दिव्य श्रृंगार, यहां कीजिए भगवान महाकालेश्वर के दर्शन

