अभनपुर। ग्राम पंचायत उलबा में सरपंच नेहरू साहू के खिलाफ एक बार फिर अविश्वास प्रस्ताव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पंचायत के 11 पंचों में से 9 पंच अभनपुर SDM कार्यालय पहुंचे और सरपंच के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव प्रस्तुत किया।
पंचों ने सरपंच पर पंचायत में अनियमितता बरतने और अभद्र व्यवहार करने समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं। पंचों का कहना है कि पंचायत के कामकाज और दस्तावेजों में भी कई तरह की अनियमितताएं सामने आई हैं। उनका आरोप है कि पंचायत के कई बिलों में तारीख तक दर्ज नहीं है। पंचों ने इन मामलों की जांच की मांग की है।

पहले भी लाया जा चुका है अविश्वास प्रस्ताव
सरपंच नेहरू साहू के खिलाफ यह दूसरी बार अविश्वास प्रस्ताव लाया गया है। इससे पहले भी पंचों ने अविश्वास प्रस्ताव पेश किया था। उस दौरान सरपंच नेहरू साहू ने हाईकोर्ट का रुख किया था, जिसके बाद प्रस्ताव की प्रक्रिया पर स्थगन मिल गया था।
अब एक बार फिर पंचों ने अविश्वास प्रस्ताव की प्रक्रिया शुरू कर दी है। 11 में से 9 पंचों के एकजुट होकर SDM कार्यालय पहुंचने से ग्राम पंचायत की सियासत गरमा गई है।
प्रशासन की कार्रवाई पर नजर
अविश्वास प्रस्ताव पेश होने के बाद अब प्रशासन की अगली कार्रवाई पर नजर है। पंचों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच किस स्तर पर होती है और अविश्वास प्रस्ताव की प्रक्रिया को लेकर प्रशासन क्या निर्णय लेता है, यह आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



