सिंगर दिलजीत दोसांझ (Diljit Dosanjh) पर पहले नाराजगी जता चुके कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दीपके(Abhijeet Deepke) अब उनके समर्थन में उतर आए हैं। दिलजीत के आगामी कार्यक्रम को दिल्ली पुलिस (Delhi Police) से अनुमति नहीं मिलने के मामले में दीपके ने बिना नाम लिए फैसले पर तंज कसा है। खास बात यह है कि इससे पहले नीट पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान दिलजीत दोसांझ के एक बयान को लेकर सीजेपी ने नाराजगी जताई थी।

अभिजीत दीपके ने पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के समर्थन में सोशल मीडिया पर टिप्पणी की है। दीपके ने लिखा, ‘कॉन्सर्ट्स से भी डर गए क्या।’ उन्होंने पोस्ट में किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन दिल्ली पुलिस से जुड़ी खबर साझा करते हुए यह तंज कसा। दरअसल, दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए 30 अक्टूबर को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होने वाले दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी है। इससे पहले यह शो एक नवंबर को आयोजित होना था, लेकिन बाद में इसकी तारीख बदलकर 30 अक्टूबर कर दी गई थी।

पहले खरीदे गए टिकट रहेंगे वैध

दिल्ली में होने वाले इस कार्यक्रम की तारीख में बदलाव के बाद टिकटों को लेकर भी जानकारी सामने आई थी। टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म बुकमायशो ने पहले संकेत दिया था कि मूल तारीख के लिए खरीदे गए टिकट बदली हुई तारीख पर भी मान्य रहेंगे। गौरतलब है कि दिलजीत दोसांझ के एक बयान को लेकर सीजेपी ने पहले नीट पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान नाराजगी जताई थी। अब अभिजीत दीपके का गायक के समर्थन में सामने आना राजनीतिक और सोशल मीडिया हलकों में चर्चा का विषय बन गया है।

क्या बोली दिल्ली पुलिस?

दक्षिणी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल ने 21 अक्टूबर को बुकमायशो लाइव प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक अनिल मखीजा को पत्र लिखकर दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रम की अनुमति नहीं देने की जानकारी दी। पत्र में कहा गया कि ‘ऑरा इंडिया टूर दिल्ली’ संगीत कार्यक्रम आयोजित करने के अनुरोध पर विचार किया गया, लेकिन इसे मंजूरी देना संभव नहीं है। दिल्ली पुलिस ने इसके पीछे सुरक्षा से जुड़ी विशेष खुफिया जानकारी, त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की कई जिम्मेदारियों और कानून-व्यवस्था से संबंधित अन्य चिंताओं का हवाला दिया। पुलिस के मुताबिक, इन परिस्थितियों को देखते हुए कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी जा सकती।

छह शहरों में भी प्रस्तुति देंगे दिलजीत

दिल्ली में प्रस्तावित यह कार्यक्रम दिलजीत दोसांझ के ‘ऑरा वर्ल्ड टूर’ के भारत चरण की शुरुआत करने वाला था। राष्ट्रीय राजधानी के बाद गायक को छह अन्य शहरों में प्रस्तुति देनी थी। इनमें इंदौर, अहमदाबाद, मुंबई, बेंगलुरु, लखनऊ और चंडीगढ़ शामिल हैं। दिलजीत अपने वर्ल्ड टूर के तहत उत्तर अमेरिका, यूरोप के कई देशों और ऑस्ट्रेलिया में भी प्रस्तुति दे चुके हैं। दिल्ली में कार्यक्रम की अनुमति नहीं मिलने के बाद उनके भारत दौरे के शुरुआती शो को लेकर स्थिति चर्चा में है।

पहले दिलजीत दोसांझ पर कसा था तंज

दरअसल, जून-जुलाई में जब कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया था, तब दिलजीत दोसांझ से भी इसको लेकर सवाल किया गया था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उनसे पूछा गया था कि क्या वह भी प्रदर्शन में शामिल होने जंतर-मंतर जाएंगे। इस पर दिलजीत ने कहा था, ‘मुझे इन सब चीजों से दूर रखें… भाई, मैं एक आर्टिस्ट हूं। मैं कोई राजनेता नहीं हूं। मुझे नहीं पता कि आप मुझे क्या समझ रहे हैं।’ उन्होंने आगे कहा था कि दुनिया में हमेशा सब कुछ सही नहीं हो सकता। प्रदर्शन कर रहे लोगों और जिनके लिए प्रदर्शन किया जा रहा है, दोनों को उन्होंने शुभकामनाएं दी थीं। साथ ही कहा था कि उन्हें इस मामले के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है।

अभिजीत दीपके ने भी साधा था निशाना

दिलजीत के इस बयान के बाद सीजेपी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने भी उन पर तंज कसा था। दरअसल, जंतर-मंतर पर सीजेपी के प्रदर्शन के दौरान पंजाबी गायक काका पहुंचे थे। उस समय भीड़ को संबोधित करते हुए दीपके ने दिलजीत दोसांझ पर निशाना साधते हुए कहा था, ‘यह भी कलाकार हैं ब्रो।’ सीजेपी पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन कर रही थी। पार्टी की प्रमुख मांगों में तत्कालीन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाना शामिल था।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m