हेमंत शर्मा, इंदौर। अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले के मामले की जांच अब इंदौर तक पहुंच गई है। मुंबई क्राइम ब्रांच और इंदौर क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रांजल को इंदौर के परदेशीपुरा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। प्रांजल मूल रूप से हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला बताया जा रहा है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उसकी भूमिका कथित तौर पर हथियारों की सप्लाई और हमले की प्लानिंग से जुड़ी बताई जा रही है। इस कार्रवाई में ADCP राजेश दंडोतिया का मागदर्शन रहा है।

पांच दिन पहले इंदौर आया था प्रांजल

जानकारी के मुताबिक, प्रांजल करीब पांच दिन पहले इंदौर आया था। बताया जा रहा है कि उसके भाई का इलाज इंदौर में चल रहा है। भाई को पहले दिल्ली से इंदौर रेफर किया गया था। प्रांजल उससे मिलने के लिए इंदौर पहुंचा था। इसी दौरान मुंबई क्राइम ब्रांच को उसकी मौजूदगी की जानकारी मिली, जिसके बाद इंदौर क्राइम ब्रांच के साथ संयुक्त ऑपरेशन चलाया गया।

परदेशीपुरा थाना क्षेत्र से गिरफ्तारी

मुंबई और इंदौर क्राइम ब्रांच की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए प्रांजल को परदेशीपुरा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम आरोपी को लेकर इंदौर से मुंबई के लिए रवाना हो गई है। अब मुंबई में उससे पूछताछ के दौरान मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जाएगी।

‘रोशनी नहीं बुझने देंगे, कार्बाइड गन नहीं बिकने देंगे’: लल्लूराम डॉट कॉम की मुहिम, MP में पिछले साल

हथियार सप्लाई और प्लानिंग में भूमिका की जांच

जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले के मामले में प्रांजल की कथित भूमिका क्या थी। हथियारों की व्यवस्था किसने की, सप्लाई का नेटवर्क कहां तक फैला है और कथित साजिश में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं- इन सवालों के जवाब पूछताछ के बाद सामने आ सकते हैं।

इंदौर कनेक्शन से बढ़ी जांच की अहमियत

प्रांजल की इंदौर से गिरफ्तारी के बाद मामले में इस शहर का कनेक्शन भी जांच के दायरे में आ गया है। हालांकि, अभी उसकी भूमिका और आरोपों की आधिकारिक विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। गिरफ्तारी को लेकर आगे की जानकारी मुंबई क्राइम ब्रांच की पूछताछ और आधिकारिक बयान के बाद स्पष्ट हो सकेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m