रायपुर। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर के नेतृत्व में शुक्रवार को आदिवासी समाज के प्रमुख लोगों ने बालोद पुलिस अधीक्षक को पत्र सौंपकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में कांग्रेस के सोशल मीडिया पदाधिकारियों पर लगातार जनजाति समाज को अपमानित और प्रताड़ित करने, जातिगत गालियां देने तथा लोगों को उकसाकर कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगाड़ने का आरोप लगाया गया है।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपना वजूद बचाने के लिए अब इतने निचले स्तर तक गिर चुकी है कि कांग्रेस पार्टी और उसके नेता सोशल मीडिया के माध्यम से झूठा नैरेटिव फैलाकर जनता के बीच सरकार की छवि को धूमिल करने और जनजाति समाज को अपमानित करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की यही नीति रही है कि सत्ता में न होने पर सत्ता में बैठे लोगों के प्रति लोगों में भ्रम फैलाने का काम किया जाए। उन्होंने कांग्रेस और उसके नेताओं द्वारा फैलाए जा रहे कथित झूठे एवं भ्रामक प्रचार के खिलाफ पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

देवलाल ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस लगातार जनजाति समाज को अपमानित करने के लिए रोज नए-नए षड्यंत्र रच रही है। इसी कड़ी में आदिवासी समाज के सम्मानित और प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को सोशल मीडिया पर बेहद अपमानजनक ढंग से पोस्ट किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस में सोशल मीडिया की राष्ट्रीय प्रमुख सुप्रिया श्रीनेत की शह पर कांग्रेस की प्रदेश इकाई के प्रमुख ने यह पोस्ट कर प्रदेश के जनजाति समाज को अपमानित किया है। इससे समाज के लोग काफी आहत महसूस कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पिछले चुनाव में अपनी पराजय के लिए जनजाति समाज को जिम्मेदार मानते हुए बदले की भावना और विद्वेष से ऐसा कर रही है। प्रदेश के आदिवासी क्षेत्रों में खराब स्थिति के लिए कांग्रेस का यह षड्यंत्र जिम्मेदार है।

भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने इस कथित आपराधिक कृत्य के लिए दोषी कांग्रेस के सोशल मीडिया के राष्ट्रीय और प्रदेश मीडिया प्रमुखों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य सुसंगत धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की, ताकि जनजाति समाज की अस्मिता अक्षुण्ण रहे। प्रतिनिधिमंडल ने कांग्रेस पार्टी से इसके लिए माफी मांगने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि ऐसा नहीं होने पर आदिवासी समाज कांग्रेस पार्टी के खिलाफ आंदोलन करेगा।

इस दौरान सर्व आदिवासी समाज के अमाय नागवंशी, उपाध्यक्ष डोंडी हीरा ठाकुर, अध्यक्ष हल्बा आदिवासी समाज मोहन्तिन चोरका, अध्यक्ष हल्बा समाज निरंजन पटौदी, गोंड समाज तहसील उपाध्यक्ष डोमार नेताम, अध्यक्ष गोंड समाज लोहारा जीवराखन भुआर्य, उपाध्यक्ष लोहारा हल्बा समाज मदन महला, सर्किल अध्यक्ष हल्बा समाज रूपेश नायक, संजू मानकर, शिवराम सिन्द्रामे, साधना सोरी, डोमेन्द्र टेकाम सहित बालोद जिला सर्व आदिवासी समाज के लोग उपस्थित थे।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H