अजय शास्त्री, बेगूसराय। जिले में महिला सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। नगर थाना क्षेत्र के हर्रख मोहल्ले में एक महिला डॉक्टर पर एसिड से हमला किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस वारदात ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है।
क्या है पूरा मामला
पीड़िता की पहचान डॉ. सुनीति कुमारी के रूप में हुई है, जो पोखरिया मोहल्ले में लक्ष्य अस्पताल का संचालन करती हैं। 12 अक्टूबर की रात जब वह अपने अस्पताल से काम खत्म कर घर लौट रही थीं, तभी हर्रख मोहल्ले में प्रवेश करते ही पीछे से उन पर एसिड से भरी बोतल फेंकी गई। बोतल जमीन पर गिरकर टूट गई, लेकिन उसमें मौजूद एसिड की कुछ बूंदें महिला डॉक्टर पर पड़ गईं। इस घटना में उन्हें हल्की चोटें आईं। तुरंत उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
तीन महीने से पीछा कर रहा था आरोपी
महिला डॉक्टर ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि आरोपी पिछले करीब तीन महीने से उनका पीछा कर रहा था और चोरी-छिपे मोबाइल से उनकी तस्वीरें खींचता था। जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला डॉक्टर के अस्पताल के बगल में ही दुकान चलाता था। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए समस्तीपुर जिले के रहने वाले आरोपी गौतम झा को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस की कार्रवाई और जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। सदर डीएसपी-1 प्रशांत कुमार के अनुसार, नामजद आरोपी गौतम झा को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है। पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि आरोपी ने इस वारदात को अंजाम क्यों दिया। इसके अलावा पीड़िता के पति के साथ लंबे समय से चल रहे विवाद के पहलू की भी जांच की जा रही है।
महिला डॉक्टर की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने उन्हें सुरक्षा गार्ड मुहैया कराया है और अस्पताल में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई है। यह घटना साबित करती है कि पीछा करने और स्टॉकिंग जैसी शिकायतों पर समय रहते कड़ी कार्रवाई होना बेहद जरूरी है।

