प्रदीप मालवीय, उज्जैन। धार्मिक नगरी उज्जैन में श्री महाकालेश्वर मंदिर की भस्म आरती व्यवस्था में अनियमितताओं का बड़ा मामला सामने आया है। मंदिर प्रशासक व अपर कलेक्टर प्रथम कौशिक ने मध्यरात्रि औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान तीन ऐसे प्रकरण सामने आए, जिनमें श्रद्धालुओं से भस्म आरती में प्रवेश अनुमति दिलाने के नाम पर 2500 रुपये प्रति व्यक्ति की अतिरिक्त राशि वसूले जाने की शिकायत मिली।

जानकारी के अनुसार, प्रशासक ने नीलकंठ द्वार और गेट क्रमांक-1 पर पहुंचकर श्रद्धालुओं की अनुमति पत्रों की जांच की और उनसे सीधे फीडबैक लिया। इसी दौरान तीन श्रद्धालुओं ने शिकायत करते हुए बताया कि उनसे भस्म आरती अनुमति बनवाने के लिए 2500 रुपये प्रति व्यक्ति लिए गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए रात करीब 1:30 बजे महाकाल थाना में शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें: पूर्व उज्जैन कमिश्नर संजय गुप्ता बने राज्य सहकारी निर्वाचन प्राधिकारी, सरकार ने सौंपी नई जिम्मेदारी

निरीक्षण के बाद मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने भस्म आरती के लिए नीलकंठ प्रवेश द्वार को एकमात्र प्रवेश द्वार बनाए जाने के निर्देश दिए है। साथ ही अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित निराकरण और व्यवस्थाओं की सतत निगरानी के निर्देश भी दिए गए हैं। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे भस्म आरती की अनुमति केवल अधिकृत माध्यमों से ही प्राप्त करें, निर्धारित शुल्क से अधिक भुगतान न करें और किसी भी प्रकार के बिचौलियों से सावधान रहें।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m