न्यामुद्दीन अली, अनूपपुर। शहडोल जिले में दो बाघों की दर्दनाक मौत के बाद अब अनूपपुर जिले से बाघ की मौजूदगी की खबर ने पूरे इलाके में हलचल मचा दी है। पवित्र नगरी अमरकंटक के जलेश्वर मार्ग पर एक बाघ को सड़क पार करते हुए देखा गया, जिसका वीडियो वहां से गुजर रहे एक राजगीर ने अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। देखते ही देखते यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देने लगे।
लोगों में दहशत का माहौल
बताया जा रहा है कि यह घटना अमरकंटक-जलेश्वर मार्ग की है, जहां अचानक सड़क पर बाघ को देखकर राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई, कुछ लोगों ने इसे आस्था से जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर मजाकिया अंदाज में लिखा कि बाघ भी नर्मदा मैया के दर्शन करने आया है, वहीं दूसरी ओर रिहायशी इलाके के पास बाघ दिखने से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल भी बन गया है।
शहडोल में दो बाघों की मौत पर सख्त कार्रवाई: डिप्टी रेंजर समेत बीट गार्ड सस्पेंड, 7 आरोपी गिरफ्तार
बाघ के मूवमेंट पर नजर
वीडियो वायरल होने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बाघ के मूवमेंट पर नजर बनाए हुए है। वन विभाग के अधिकारियों का अनुमान है कि यह बाघिन अचानकमार टाइगर रिजर्व से भटककर अमरकंटक क्षेत्र में आ पहुंची होगी, इलाके में लगातार गश्त बढ़ा दी गई है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की जा रही है।
जिला जेल में विचाराधीन कैदी की संदिग्ध मौतः परिजनों ने लगाए मारपीट के आरोप, मजिस्ट्रियल जांच शुरू
क्षेत्र में वन विभाग अलर्ट मोड पर
बता दें कि हाल ही में शहडोल जिले में खेत में लगाए गए अवैध बिजली के करंट की चपेट में आने से एक नर बाघ और एक मादा बाघिन की मौत हो गई थी। इसके बाद अनूपपुर जिले में बाघ के दिखने की खबर ने चिंता और बढ़ा दी है। वन विभाग का कहना है कि बाघ को सुरक्षित जंगल की ओर मोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों से बचें और किसी भी स्थिति में बाघ के करीब जाने की कोशिश न करें। फिलहाल पूरे क्षेत्र में वन विभाग अलर्ट मोड पर है।

