अहमदाबाद। गुजरात की आर्थिक राजधानी अहमदाबाद में सोमवार को मानसून ने उग्र रूप दिखाया। शहर में सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक 12 घंटे के भीतर औसतन 3.38 इंच बारिश दर्ज की गई, जिससे कई निचले इलाके जलमग्न हो गए। सबसे ज्यादा असर दक्षिण-पश्चिम जोन में देखने को मिला, जहां वटवा में रिकॉर्ड 5.63 इंच, सरखेज में 5.61 इंच और लांभा में 5.57 इंच पानी बरसा। मक्तमपुरा, जोधपुर, बोडकदेव और दूधेश्वर क्षेत्रों में भी भारी बारिश से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया।

सड़कों पर घुटनों तक भरे पानी के कारण वाहन चालकों और खासकर दोपहिया सवारों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शहर के कई प्रमुख रास्तों पर ट्रैफिक रेंगता नजर आया। निचले इलाकों में स्थित घरों और दुकानों में पानी घुसने से लोग परेशान रहे।

मासूम बच्चों से भरी बस पानी में बंद

बारिश के बीच शेला क्षेत्र के क्लब O7 के पास एक खौफनाक नजारा देखने को मिला, जहां जलभराव के बीच एकलव्य स्कूल की बस अचानक बंद हो गई। बस में प्राथमिक कक्षाओं के छोटे बच्चे सवार थे। पानी के बीच बस रुकने से घबराए मासूम बच्चे खिड़कियों से हाथ हिलाकर मदद पुकारते नजर आए। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। बाद में स्कूल प्रशासन ने दूसरी बस भेजकर सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालकर उनके घर पहुंचाया।

5 अंडरपास बंद, 64 जलभराव की शिकायतें

भारी बारिश के कारण मीठाखली, मकरबा, अखबारनगर, शाहीबाग और मणिनगर स्थित पांच प्रमुख अंडरपास में पानी भर गया, जिन्हें सुरक्षा के लिहाज से कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा। अहमदाबाद नगर निगम (AMC) को जलभराव की 64 शिकायतें मिलीं। इसके अलावा 23 पेड़ गिरने और दो जर्जर मकान धराशाई होने की घटनाएं दर्ज की गईं। जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए वासणा बैराज के तीन गेट एक-एक फीट खोलकर 1,674 क्यूसेक पानी छोड़ा गया।

81 करोड़ का प्रोजेक्ट फेल, गणेशोत्सव की तैयारियां फीकी

निकोल से विंझोल तक 81.40 करोड़ रुपये की लागत से बिछाई गई ‘ईस्टर्न ट्रंक लाइन’ के बड़े-बड़े दावों के बावजूद ओढव और वस्त्राल जैसे इलाकों में पानी भर गया। दूसरी ओर, गणेश चतुर्थी के पहले ही दिन हुई भारी बारिश ने त्योहार की खुशियों पर असर डाला। बाजारों में पानी भरने से मूर्तियों की बिक्री प्रभावित हुई, जिससे स्थानीय मूर्ति विक्रेताओं को आर्थिक नुकसान की चिंता सता रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें

खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें