अहमदाबाद स्थित निरमा यूनिवर्सिटी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने शिक्षक और छात्र के बीच के संबंधों और कैंपस के माहौल पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना यूनिवर्सिटी के ‘टेक्नोफ्रा 2026’ उत्सव के दौरान की है, जहां एक छात्र की मजाकिया टिप्पणी से नाराज होकर प्रोफेसर ने सभी के सामने उसका कॉलर पकड़ लिया और उसे अंजाम भुगतने की चेतावनी दे डाली।
क्या है पूरा मामला?
निरमा यूनिवर्सिटी के इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी विभाग द्वारा 18 से 20 सितंबर के बीच तीन दिवसीय तकनीकी और सांस्कृतिक उत्सव ‘टेक्नोफ्रा 2026’ का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम के तहत आयोजित एक स्टैंड-अप कॉमेडी शो के दौरान मंच पर इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंस्ट्रूमेंटेशन इंजीनियरिंग विभाग के प्रमुख डॉ. हिमांशु के पटेल मौजूद थे।
जब प्रोफेसर साहब मंच पर बोलने के लिए आगे बढ़ रहे थे और थोड़ी देरी हुई, तो दर्शक दीर्घा में बैठे एक छात्र ने बॉलीवुड फिल्म ‘गोलमाल 3’ का प्रसिद्ध डायलॉग बोल दिया— “अरे जल्दी कर, सुबह पनवेल निकलना है।”
गुस्से में आपा खो बैठे प्रोफेसर
छात्र की यह टिप्पणी सुनकर प्रोफेसर बेहद नाराज हो गए। उन्होंने छात्र को तुरंत मंच पर बुलाया और भीड़ के सामने उसका कॉलर पकड़ लिया। प्रोफेसर ने कड़े लहजे में छात्र को धमकाते हुए कहा कि जिस दिन किसी फैकल्टी सदस्य का अपमान करने की हिम्मत की, उसे यूनिवर्सिटी से हमेशा के लिए बाहर कर दिया जाएगा।
घटना पर राजनीति और यूनिवर्सिटी का रुख
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर दोतरफा राय देखने को मिल रही है। जहां कुछ लोग छात्र द्वारा शिक्षक के लिए ऐसी टिप्पणी करने को गलत ठहरा रहे हैं, वहीं छात्र संगठन NSUI ने प्रोफेसर के इस हिंसक व्यवहार की कड़ी निंदा की है। NSUI ने प्रोफेसर से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और निष्पक्ष जांच की मांग की है। चेतावनी दी गई है कि मांगें पूरी न होने पर कैंपस में प्रदर्शन किया जाएगा।
दूसरी ओर, न्यूज एजेंसी PTI द्वारा संपर्क किए जाने पर निरमा यूनिवर्सिटी प्रशासन ने घटना से अनभिज्ञता जताते हुए पल्ला झाड़ लिया है। फिलहाल मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक
छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें


