अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद स्थित ब्राइट इंग्लिश स्कूल से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। चौथी कक्षा के एक छात्र द्वारा अपनी ही क्लासमेट को ‘आई लव यू’ (I Love You) लिखा नोट देने के बाद उपजे विवाद में स्कूल की प्रिंसिपल और टीचर पर बच्चे की बेरहमी से पिटाई करने का आरोप लगा है। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, वहीं स्कूल प्रशासन ने निष्पक्ष जांच के लिए संबंधित शिक्षिका को निलंबित कर दिया है।

क्या है पूरा मामला?

यह घटना 19 सितंबर की है। चौथी कक्षा में पढ़ने वाले एक छात्र ने एक कागज पर ‘आई लव यू’ लिखकर अपनी सहपाठी की तरफ फेंका। इस हरकत से परेशान होकर छात्रा रोती हुई अपनी क्लास टीचर के पास पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। स्कूल के डायरेक्टर के अनुसार, शिक्षिका ने शुरुआत में नोट फाड़कर फेंक दिया और छात्र को केवल डांट-डपटकर छोड़ दिया।

हालांकि, छात्रा के लगातार परेशान रहने पर मामला प्रिंसिपल तक पहुंचा, जिसके बाद छात्र की मां को तुरंत स्कूल बुलाया गया।

परिजनों ने लगाया शारीरिक शोषण का आरोप

छात्र की मां शुरुआत में स्कूल स्टाफ से बातचीत करके घर लौट आई थीं, लेकिन कुछ ही देर बाद वे परिवार के अन्य सदस्यों के साथ दोबारा स्कूल पहुंचीं। परिजनों का आरोप है कि प्रिंसिपल और टीचर ने मासूम बच्चे को इतनी बुरी तरह पीटा कि उसे कई जगह चोटें आई हैं।

गंभीर आरोप लगाते हुए परिजनों ने आपातकालीन एम्बुलेंस के जरिए बच्चे को मेडिकल जांच के लिए एलजी अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद रामोल पुलिस स्टेशन में स्कूल प्रबंधन और संबंधित स्टाफ के खिलाफ शारीरिक शोषण की शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर गोस्वामी और मौर्य नाम के आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

स्कूल प्रबंधन की सफाई और रंगदारी का दावा

दूसरी ओर, स्कूल प्रबंधन ने मारपीट के सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। डायरेक्टर इंद्रजीत मौर्य ने सीसीटीवी (CCTV) फुटेज का हवाला देते हुए कहा कि बच्चा ऑफिस से बिल्कुल सामान्य हालत में बाहर निकलता और गलियारे में दौड़ता नजर आ रहा है।

डायरेक्टर ने यह भी दावा किया कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए शिक्षिका को निलंबित जरूर कर दिया गया है, लेकिन छात्र के परिजनों ने मामला दबाने और पुलिस कार्रवाई न करने के एवज में पहले 25 लाख रुपए और बाद में 5 लाख रुपए की मांग की थी।

पुलिस जांच जारी

फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। शुरुआती मेडिकल रिपोर्ट के मुताबिक बच्चे के शरीर पर किसी गंभीर चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस सच्चाई तक पहुंचने के लिए स्कूल के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और वहां मौजूद स्टाफ व अन्य छात्रों के बयान दर्ज कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें

खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें