वाराणसी. उत्तर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अजय राय ने आराधना मिश्रा ‘मोना’ को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर शुभकामनाएं दी हैं. शनिवार (3 अक्टूबर 2026) को वाराणसी स्थित अपने आवास पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का फैसला उन्हें स्वीकार है. आराधना मिश्रा को 2 अक्टूबर को अजय राय की जगह यूपी कांग्रेस की कमान सौंपी गई है.
इसे भी पढ़ें- ‘बार-बार बदलाव कमजोर संगठन की पहचान’, कांग्रेस के नेतृत्व फेरबदल पर दिनेश प्रताप सिंह का वार
अजय राय ने जनेऊ दिखाते हुए कहा, “ब्रह्म वचन है, मरते दम तक राहुल गांधी का साथ नहीं छोड़ूंगा.” उन्होंने कहा कि राजनीति में पद आते-जाते रहते हैं और वह पार्टी के लिए काम करते रहेंगे.
आराधना मिश्रा को दी शुभकामनाएं
अजय राय ने कहा कि आराधना मिश्रा कांग्रेस को आगे ले जाएंगी और कार्यकर्ताओं के सम्मान को प्राथमिकता देंगी. उन्होंने उम्मीद जताई कि नए प्रदेश अध्यक्ष के कार्यकाल में भी कार्यकर्ताओं का भरोसा कायम रहेगा.
बोले- कार्यकर्ताओं के सम्मान से समझौता नहीं
अजय राय ने कहा कि उनके कार्यकाल में कार्यकर्ताओं के बीच यह भरोसा बना कि किसी तरह के अत्याचार या अन्याय की स्थिति में प्रदेश अध्यक्ष उनके साथ खड़ा रहेगा. उन्होंने आराधना मिश्रा से भी कार्यकर्ताओं के सम्मान की रक्षा करने की अपील की. उन्होंने कहा कि जहां भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ अन्याय हो, संगठन को उनके साथ खड़ा होना चाहिए. अजय राय ने आराधना मिश्रा को अपने सहयोग और स्नेह का भरोसा भी दिया.
राहुल गांधी से हुई संगठन पर चर्चा
अजय राय ने बताया कि उनकी राहुल गांधी से बातचीत हुई है. उनके मुताबिक, बातचीत में उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को मजबूत करने और संगठन को आगे बढ़ाने को लेकर चर्चा हुई. उन्होंने राहुल गांधी, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का आभार जताया.
इसे भी पढ़ें- यूपी में 15 IAS और 23 PCS अफसरों के तबादले, ADM- SDM स्तर पर फेरबदल
‘राहुल गांधी का साथ नहीं छोड़ूंगा’
अजय राय ने कहा कि वह पार्टी नेतृत्व के फैसले को स्वीकार करते हैं और संगठन को मजबूत करने के लिए काम करते रहेंगे. भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने सम्मान के साथ कभी समझौता नहीं किया. वाराणसी से नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी जहां भी जिम्मेदारी देगी, वह पूरी ताकत से काम करेंगे.

