तेल कंपनियों ने मई के पहले दिन महंगाई का झटका देते हुए कमर्शियल सिलेंडर के दाम में भारी बढ़ोतरी की है. ये अब तक का सबसे ज्यादा महंगा होने का रिकॉर्ड है. तेल कंपनियों ने 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम में 993 रुपये और 5 किलो वाले सिलेंडर के दाम में 261 रुपये की बढ़ोतरी की है. बढ़े हुए दाम को लेकर पूरा विपक्ष सरकार को घेर रहा है. इसी बीच यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने भी भाजपा पर हमला बोला है.
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने 1 मई की सुबह ही जनता को महंगाई का बड़ा झटका दिया है. कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में 993 की बेतहाशा बढ़ोतरी कर दी गई है. लखनऊ में अब सिलेंडर 3,195.50 का मिलेगा. जब होटल, रेस्टोरेंट और शादी-ब्याह सब महंगे होंगे, तो इसका सीधा बोझ आम आदमी की जेब पर ही पड़ेगा. यही है भाजपा का ‘महंगाई मुक्त’ भारत? जनता को ठगने का यह खेल अब नहीं चलेगा.
इसे भी पढ़ें : 1000 में 7 रुपये कम करके ये भाजपा वाले… गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने पर अखिलेश यादव का करारा तंज, जानिए ऐसा क्या कहा?
बता दें कि बीते अप्रैल महीने में भी कमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़े थे. इस महीने के पहले ही दिन इनके दाम बढ़ गए हैं. इस साल कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी देखने को मिली है. साल की शुरुआत में 19 किलो का कमर्शियल सिलेंडर यह सिलेंडर 1669 रुपये में मिल रहा था. वहीं 1 मई तक इसकी कीमत बढ़कर 3099 रुपये पहुंच गई है. यानी अब तक कुल 1430 रुपये का इजाफा हो चुका है. अगर महीने वार बात करें तो जनवरी में 111 रुपये, फरवरी में 49.50 रुपये, मार्च में 141.50 रुपये और अप्रैल में 195 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की गई.
राहत की बात है कि फिलहाल रसोई गैस के दाम नहीं बढ़े हैं. आखिरी बार रसोई गैस के दाम में इसी साल 7 मार्च को इजाफा हुआ था. अभी दिल्ली में रसोई गैस की कीमत 913 रुपये है. मुंबई में 14.2 किलो रसोई गैस की कीमत 912.50 रुपये है. चेन्नई में 14.2 किलो वाले रसोई गैस के दाम 928.50 रुपये है. कोलकाता में एक सिलेंडर की कीमत 939 रुपये है.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें

