लखनऊ. मध्य प्रदेश के बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के बीच विवाद बढ़ता जा रहा है. भगवान राम और श्रीकृष्ण को लेकर धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर अखिलेश यादव लगातार सवाल उठा रहे हैं.
आज बुधवार (4 नवंबर 2026) को उन्होंने एक बार फिर सोशल मीडिया के जरिए उन पर निशाना साधा. अखिलेश ने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री ने यदुवंशियों और रघुवंशियों, दोनों की भावनाएं आहत की हैं. उन्होंने यह भी कहा कि अब उन्हें न ब्रज में प्रवेश मिलेगा और न अवध में.
इसे भी पढ़ें- गोरखपुर में BJP की ‘लोकतंत्र बचाओ’ पदयात्रा आज, नितिन नवीन और CM योगी होंगे शामिल; एक लाख भीड़ जुटाने का लक्ष्य
यदुवंशियों और रघुवंशियों की भावनाएं आहत करने का आरोप
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर धीरेंद्र शास्त्री का नाम लिए बिना पोस्ट किया. उन्होंने लिखा, ‘इन्होंने यदुवंशियों और रघुवंशियों दोनों की भावनाएं आहत की हैं. अब इन्हें न ब्रज में प्रवेश मिलेगा, न अवध में. अब न तो कोई सच्चा रघुवंशी इनका स्वागत करेगा, न सच्चा यदुवंशी.’ इस बयान के बाद विवाद और तेज हो गया है.
यूपी-एमपी बॉर्डर पर नाकाबंदी का बोर्ड लगाने की बात
अखिलेश ने अपनी पोस्ट में उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की सीमा पर नाकाबंदी का बोर्ड लगाने की बात भी कही. उन्होंने लिखा कि बोर्ड पर यह संदेश होना चाहिए कि ईशनिंदा करने वालों का उत्तर प्रदेश की धर्मभूमि में प्रवेश वर्जित है. उन्होंने नेपाल सीमा का भी जिक्र किया. साथ ही सवाल उठाया कि आपसी राजनीतिक टकराव में भगवान को क्यों लाया जा रहा है. अखिलेश ने यह भी आशंका जताई कि उत्तर प्रदेश में किसी बाहरी के इशारे पर राजनीतिक और धार्मिक सत्ता को चुनौती देने की कोशिश हो रही है.
भगवान राम को लेकर वीडियो पर भी जताई नाराजगी
इससे पहले मंगलवार को अखिलेश यादव ने धीरेंद्र शास्त्री का एक वीडियो साझा किया था. इसमें शास्त्री भगवान राम के पांच पिता होने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं. उन्होंने अपने बयान के समर्थन में कहा कि भगवान राम ने राजा दशरथ की मृत्यु के बाद उनकी अंत्येष्टि क्रिया नहीं की थी. इसी आधार पर उन्होंने पांच पिता होने की बात कही. अखिलेश ने इस टिप्पणी को आपत्तिजनक बताते हुए विरोध जताया.
इसे भी पढ़ें- वाराणसी में BJP पर बरसे अखिलेश यादव, बोले- दालमंडी के 181 मकान और 500 दुकानें तुड़वा दीं, मेट्रो होती तो…
धीरेंद्र शास्त्री मांग चुके हैं माफी
भगवान श्रीकृष्ण और भगवान राम को लेकर दिए गए बयानों के बाद धीरेंद्र शास्त्री को संत समाज और यादव समुदाय की आलोचना का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण को लेकर दिए गए बयान पर माफी भी मांगी है. हालांकि, इसके बावजूद विवाद थमता नहीं दिख रहा. अखिलेश ने पहले भी उनके कार्यक्रम रद्द करने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के आरोप में कार्रवाई की मांग की थी. अब उनके ताजा बयान से यह मामला फिर चर्चा में आ गया है.

