लखनऊ. मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के परिवार पर उज्जैन में सरकारी विकास परियोजनाओं वाले क्षेत्रों में 168 एकड़ जमीन खरीदने के आरोप हैं. इसे लेकर सियासत तेज हो गई है. इस बीच विपक्षी पार्टी सपा के मुखिया अखिलेश यादव सीएम मोहन यादव के बचाव में आ गए हैं. उन्होंने इसे बीजेपी की साजिश बताया है. साथ ही कहा है कि ये तीन मुख्यमंत्रियों को हटाने की प्लानिंग है.
बता दें कि अखिलेश यादव ने मोहन यादव पर लगे आरोपों को लेकर कहा कि अखिलेश ने एक कार्यक्रम में अपने संबोधन में कहा कि मोहन यादव जी को बदनाम करने के लिए बीजेपी ने ये साजिश की है. अगर मोहन यादव पर ये आरोप है तो उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री जी ने तो 300-600 एकड़ जमीन ली है. आप लोग समझते नहीं हैं बात को. ये कोई नई बात थोड़ी है कि उन्होंने कोई जमीन ली है. अगर उन्होंने जमीन ली है तो वे रियल स्टेट का काम करते थे. आप ये क्यों भूल जाते हैं कि जो मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री हैं वो रियल स्टेट का पहले से जमीनों का काम करते थे. क्या ये बीजेपी नहीं जानती की वो जमीनों का काम करते थे.
इसे भी पढ़ें : पीने के पानी का ठिकाना नहीं और सपना 2047 का! 25 दिनों से दो चार हो रहे लोग, PWD पर लापरवाही का आरोप
ये आरोप इसलिए लगाया जा रहा है क्योंकि बीजेपी रास्ता ढूंढ रही है कि तीन मुख्यमंत्री कैसे बदलें. वो मुख्यमंत्री बदलना चाहते हैं इसलिए आरोप लगवा रहे हैं. ये बात तो पहले भी तो पता होगी जब रजिस्ट्री हुई होगी. बिना रजिस्ट्री के कोई जमीन ले सकता है? तो जब रजिस्ट्री हुई है तो सरकार को पहले ही पता था. बदनाम इसलिए कर रही है कि उन्हें मध्यप्रदेश का मुख्यमंत्री हटाना है, राजस्थान का मुख्यमंत्री हटाना है. इन दो को इसलिए हटा रहे हैं क्योंकि उन्हें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को हटाना है. ये हटाने की साजिश चल रही है. आप बात ही नहीं समझ पा रहे हो.
अखिलेश ने आगे कहा कि ये बीजेपी के लोग पहले बदनाम करते हैं. मोहन यादव को बदनाम करने के लिए ये कर रहे हैं और यूपी के मुख्यमंत्री को हटाने के लिए ये प्लानिंग कर रहे हैं कि एक तो मध्यप्रदेश का हटा दो, एक राजस्थान का हटा दो संग में यूपी का भी हटा दो. लेकिन यूपी की जनता जानती है कि ये हटाएं ना हटाएं इस बार साइकिल इतनी तेज चलेगी कि अपने आप ये हट जाएंगे. इस बार लोग हैंडल छोड़कर साइकिल चलाने वाले हैं.

