लखनऊ. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को खंगार समाज के लोगों से मुलाकात के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस की. उन्होंने अर्कवंशी और खंगार समाज की कथित उपेक्षा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर तीन महीने के भीतर जातीय जनगणना कराई जाएगी. आबादी के हिसाब से संबंधित समाजों को उनका हक और सत्ता में प्रतिनिधित्व देने का भी उन्होंने दावा किया.
इसे भी पढ़ें- कहासुनी में खूनी कांडः 2 पक्षों के बीच विवाद, फायरिंग में गोली लगने से युवक की मौत, जांच में जुटे कानून के रखवाले
अखिलेश ने कहा कि लखनऊ में किसी प्रतिष्ठित स्थान पर महाराजा खंगार की अष्टधातु की प्रतिमा लगाई जाएगी. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के समय महाराजा खेर सिंह खंगार की प्रतिमा लगाई गई थी, लेकिन भ्रष्टाचार के कारण वह टूट गई. उन्होंने कहा कि अर्कवंशी और खंगार समाज के लोगों के साथ लंबे समय से अन्याय और उपेक्षा हुई है.
तीन महीने में जातीय जनगणना का दावा
अखिलेश यादव ने कहा कि सपा सरकार बनने पर जातीय जनगणना को प्राथमिकता दी जाएगी. उन्होंने कहा कि समाज की आबादी के आधार पर उसे अधिकार और सरकार में प्रतिनिधित्व दिया जाएगा. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में कई समाजों को उनका उचित हिस्सा नहीं मिला है. उन्होंने महाराजा खंगार की अष्टधातु प्रतिमा लगाने का भी ऐलान किया. अखिलेश ने कहा कि ऐतिहासिक और सामाजिक योगदान को सम्मान देने के लिए लखनऊ में प्रतिमा स्थापित की जाएग.
महिलाओं को 40 हजार देने का वादा दोहराया
सपा अध्यक्ष ने महिलाओं के लिए अपने पुराने वादे को भी दोहराया. उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर महिलाओं को 40 हजार रुपये दिए जाएंगे. अखिलेश ने दावा किया कि पिछले 10 वर्षों में महिलाओं को पर्याप्त मदद नहीं मिली, इसलिए सपा सरकार ब्याज के तौर पर यह राशि देगी. उन्होंने कन्या विद्या धन और अन्य राहत योजनाओं को दोबारा शुरू करने की बात भी कही. अखिलेश के मुताबिक, इन योजनाओं के जरिए महिलाओं और बेटियों को आर्थिक सहायता देने पर जोर दिया जाएगा.
एक्सप्रेसवे और सड़कों की गुणवत्ता पर सवाल
अखिलेश यादव ने प्रदेश में एक्सप्रेसवे और सड़कों की गुणवत्ता को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे और कानपुर एक्सप्रेसवे का जिक्र करते हुए निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाए. उन्होंने सरकार की ‘स्पेस टेक्नोलॉजी’ पर भी तंज कसते हुए पूछा कि जब प्रदेश में सड़कें खराब हो रही हैं तो इस तकनीक का इस्तेमाल कहां हो रहा है. अखिलेश ने कहा कि सत्ता में आने के बाद PWD के कामों का ऑडिट कराया जाएगा और यह पता लगाया जाएगा कि निर्माण कार्यों में कितना पैसा खर्च हुआ और किसने कितना कमाया.
JPNIC, कानून-व्यवस्था और अकबर नगर पर हमला
अखिलेश ने लखनऊ के जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर (JPNIC) को लेकर भी सरकार पर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि सार्वजनिक संपत्तियों को बेचने की जरूरत पर सरकार को जवाब देना चाहिए. उन्होंने छतर मंजिल और कन्नौज के मिल्क प्लांट समेत अन्य संपत्तियों का भी जिक्र किया. कानून-व्यवस्था को लेकर उन्होंने पुलिस पर राजनीतिक दबाव का आरोप लगाया. हरियाणवी कलाकार अंकित बालियान हत्याकांड का जिक्र करते हुए उन्होंने पीड़ित परिवार को न्याय देने की मांग की. दिग्विजय भाटी के मामले में उन्होंने कहा कि अगर उनके साथ गलत हुआ है तो संबंधित IPS अधिकारी के खिलाफ FIR होनी चाहिए.
इसे भी पढ़ें- रक्षाबंधन पर UP में 89 लाख लोगों ने की फ्री बस यात्रा, सरकार ने खर्च किए 107 करोड़
अखिलेश ने PDA से जुड़े लोगों के साथ भेदभाव का भी आरोप लगाया. इसके अलावा गोमती नदी की सफाई और अकबर नगर के विस्थापन का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने सरकार से किए गए वादों का हिसाब देने की मांग की.


