रायबरेली. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 24 सितंबर को रायबरेली पहुंचेंगे. वह समाजवादी PDA यात्रा के तहत विशेष रथ से जिले में आएंगे. पार्टी के मुताबिक, दौरे के दौरान कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से मुलाकात के साथ संगठन की तैयारियों पर चर्चा होगी. रायबरेली में उनके स्वागत के लिए कई जगह होर्डिंग और बैनर लगाए गए हैं.

इसे भी पढ़ें- ‘सत्ता की कठपुतली’ कौन? 14 आपत्तियों पर अखिलेश का तीखा हमला, चुनाव आयोग पर उठाए सवाल

चुरुआ बॉर्डर से PDA रथ पर सवार होंगे

पार्टी की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार अखिलेश यादव लखनऊ से कार के जरिए रायबरेली की सीमा पर चुरुआ पहुंचेंगे. इसके बाद वह PDA रथ पर सवार होकर जिले में आगे जाएंगे. उनका हरचंदपुर विधायक राहुल लोधी के आवास पर भी जाने का कार्यक्रम है. पार्टी के अनुसार वहां कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं से मुलाकात होगी.

स्वागत में लगाए गए ‘वेलकम बॉस’ के पोस्टर

अखिलेश यादव के दौरे को लेकर सपा कार्यकर्ताओं में तैयारियां तेज हैं. रायबरेली के अलग-अलग चौराहों पर स्वागत के लिए लगाए गए पोस्टरों में ‘वेलकम बॉस’, ‘छोटे नेता’ और ‘विकास नायक’ जैसे संदेश लिखे गए हैं. पार्टी नेताओं का कहना है कि दौरे से संगठनात्मक गतिविधियों को गति मिलेगी.

कॉलेज विवाद के बाद दौरे पर नजर

अखिलेश यादव का रायबरेली दौरा हाल में फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज के बाहर छात्र संगठनों के बीच हुए विवाद के बाद भी चर्चा में है. रिपोर्टों के अनुसार विवाद के बाद सपा नेताओं और पुलिस के बीच भी टकराव हुआ था. इस मामले में सपा नेताओं ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं.

इसे भी पढ़ें- यूपी में Ola-Uber से Swiggy-Zomato तक के लिए नया नियम, लाइसेंस के बिना नहीं चलेगा कारोबार

2027 की तैयारियों के बीच अहम दौरा

रायबरेली से PDA रथ यात्रा की शुरुआत को सपा ने 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले अपने जनसंपर्क अभियान से जोड़ा है. अखिलेश यादव की प्रस्तावित यात्रा में पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक यानी PDA सामाजिक गठजोड़ को पार्टी के राजनीतिक अभियान के केंद्र में रखा गया है.