लखनऊ. पेट्रोल डीजल के दाम को लेकर विपक्ष लगातार सरकार को घेर रहा है. दाम बढ़ने से जनता परेशान है. इसे लेकर अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है. खासकर उन्होंने पीएम मोदी की ईंधन बचाने की अपील को लेकर और साथ ही स्मार्ट को लेकर सीएम योगी को आड़े हाथों लिया. उन्होंने तंज भरे लहजे में एक्स पर पोस्ट किया है.
अखिलेश ने लिखा है कि ‘जब पेट्रोल के दाम लगातार बढ़ रहे हों तो जाम से तिहरा नुक़सान होता है. एक तो महंगा पेट्रोल ज्यादा खर्च होता है, दूसरा प्रदूषण बढ़ता है और तीसरा जाम खुलने के इंतज़ार में तनाव हर मिनट बढ़ता जाता है मतलब आर्थिक, पर्यावरणीय और मानसिक हर तरह से जनता की हानि-ही-हानि होती है. ‘स्मार्ट सिटी’ के नाम पर लखनऊ उपहास का विषय बन गया है और लोग कह रहे हैं : खिसियाइए कि आप लखनऊ में हैं!’
इसे भी पढ़ें : तो ये थी मायावती से मिलने की वजह! सांसद तनुज पुनिया किया खुलासा
बता दें जाम की स्थिति को लेकर बीते दिनों यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने भी पीएम मोदी और भाजपा पर निशाना साधा था. उन्होंने एक्स पर लिखा था कि ‘प्रधानमंत्री जी टीवी पर आकर देश को ईंधन बचाने, सादगी अपनाने और कार-पूलिंग का ज्ञान देते हैं, लेकिन उन्हीं के संसदीय क्षेत्र काशी की सड़कों पर भाजपा के ‘चुनावी चूरन’ में आए कुछ महीनों के मेहमान मंत्री का अहंकार देखिए! सैकड़ों गाड़ियों का काफिला, धुआं उड़ाती सत्ता की हनक और घंटों जाम में फंसी काशी की जनता। क्या पीएम की नसीहतें सिर्फ विज्ञापनों और जनता के लिए हैं? उनके अपने सिपहसालार तो इन नियमों की धज्जियां सरेआम उड़ा रहे हैं.’

