सतीश सिंह, लखनऊ. डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) में शुक्रवार को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई. करीब 500 मीटर लंबे तिरंगे को लेकर विश्वविद्यालय के सैकड़ों छात्र देशभक्ति के उत्साह के साथ यात्रा में शामिल हुए.

कुलपति प्रो. जेपी पाण्डेय के निर्देशन में यात्रा का शुभारंभ विश्वविद्यालय के मुख्य भवन से हुआ. छात्र 500 मीटर लंबे तिरंगे को लेकर एकेटीयू चौराहा, भवानी चौराहा और नीता बहादुर चौक होते हुए पुनः विश्वविद्यालय परिसर पहुंचे. इस दौरान छात्र हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाते रहे. देशभक्ति गीतों से पूरा विश्वविद्यालय परिसर और यात्रा मार्ग गुंजायमान रहा.

इसे भी पढ़ें : गांव-गांव पहुंचेगा हाई-टेक इलाज! CSJMU में डिप्टी सीएम ने मोबाइल मेडिकल वैन को दिखाई हरी झंडी

तिरंगा यात्रा में बीटेक, बीफार्मा और एमबीए सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. यात्रा का समन्वय उपकुलसचिव डॉ. आयुष श्रीवास्तव एवं सहायक कुलसचिव सुनील कुमार पाण्डेय ने किया. विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों और आमजन में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को और मजबूत करना है. तिरंगा यात्रा ने विद्यार्थियों में राष्ट्रीय गौरव और देशप्रेम की भावना को नई ऊर्जा प्रदान की.

यात्रा के शुभारंभ अवसर पर कुलसचिव रीना सिंह, वित्त अधिकारी केशव सिंह, परीक्षा नियंत्रक प्रो. दीपक नगरिया, कुलपति प्रो. जेपी पाण्डेय की पत्नी श्रीमती सरोज पाण्डेय, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. ओपी सिंह, एसोसिएट डीन इनोवेशन डॉ. अनुज कुमार शर्मा, उपकुलसचिव डॉ. डीपी सिंह सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे.