छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने वाली मोबाइल मेडिकल वैन का लोकार्पण किया. वैन में कई तरह की जांच और प्राथमिक उपचार की सुविधाएं उपलब्ध होंगी.

कानपुर. छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय ने ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से नई पहल शुरू की है. विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त मोबाइल मेडिकल वैन का लोकार्पण कर उसे हरी झंडी दिखाई.

सीएसआर के तहत मिली वैन

एक मसाला कंपनी समूह ने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत विश्वविद्यालय को यह मोबाइल मेडिकल वैन उपहार में दी है. इसके जरिए दूर-दराज के गांवों में रहने वाले लोगों को उनके घर के पास प्राथमिक उपचार, जरूरी लैब जांच और विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा.

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि किताबी डिग्री और अंकों की तुलना में व्यावहारिक ज्ञान व्यक्ति की वास्तविक क्षमता को दर्शाता है. उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपनी शिक्षा का उपयोग केवल रोजगार हासिल करने तक सीमित नहीं रखने और पिछड़े तथा जरूरतमंद वर्गों के उत्थान में योगदान देने की अपील की.

यह भी पढ़ें: साहब का आदेश या तानाशाही? जिला विद्यालय निरीक्षक के फरमान पर भड़के निदेशक, सीधे कोर्ट में हाजिर होने का अल्टीमेटम!

ग्रामीणों को मिलेंगी जांच सुविधाएं

पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि विश्वविद्यालय की यह पहल युवाओं में राष्ट्र निर्माण और निस्वार्थ सेवा की भावना को मजबूत करेगी. वहीं वैन उपलब्ध कराने वाले कंपनी समूह के निदेशक आकाश गोयनका और सुदीप गोयनका ने भविष्य में भी ग्रामीण कल्याण से जुड़े कार्यों में विश्वविद्यालय के साथ सहयोग जारी रखने का भरोसा दिया.

कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक की पहल के तहत संचालित होने वाली इस वैन में स्वास्थ्य सेवाओं की जिम्मेदारी डॉ. अनुराग मिश्रा संभालेंगे. पूरी तरह वातानुकूलित इस मोबाइल लैब में सीबीसी, हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, ईसीजी और आंखों की जांच सहित कई सुविधाएं उपलब्ध हैं.

गंभीर लक्षण सामने आने पर मरीजों को बड़े अस्पतालों में उपचार के लिए उचित मार्गदर्शन भी दिया जाएगा.

यह भी पढ़ें: आपके पास भी तो नहीं आया ये लिंक? महिला समेत 3 लोगों से ठगी; एक क्लिक में उड़ गए 20 लाख रुपये

विद्यार्थियों को मिलेगा अनुभव

इस पहल से मेडिकल और हेल्थ साइंसेज के विद्यार्थियों को कक्षा से बाहर समुदाय के बीच सीखने का अवसर मिलेगा. वे ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े व्यावहारिक अनुभव हासिल कर सकेंगे.

कार्यक्रम का संयोजन डॉ. प्रवीण कटियार ने किया. इस दौरान निदेशक डॉ. मुनीश रस्तोगी, डॉ. दिग्विजय शर्मा और मीडिया प्रभारी डॉ. दिवाकर अवस्थी समेत कई लोग मौजूद रहे.