अलीगढ़. उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से बीजेपी सांसद सतीश गौतम ने सोशल मीडिया पर फैल रही कथित भ्रामक और भड़काऊ सामग्री को लेकर लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है. खैर क्षेत्र में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में फर्जी अकाउंट बनाए जा रहे हैं, जिनका मकसद समाज में जातीय और सामाजिक तनाव पैदा करना है. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग गोल टोपी और लंबी दाढ़ी की पहचान वाले लोग भी फर्जी आईडी बनाकर समाज में भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे है.

इसे भी पढ़ें- राम भरोसे राजनीति! सड़क पर उतरकर सपाइयों ने चढ़ावा चोरी को लेकर सरकार को घेरने किया प्रदर्शन, लगाए गंभीर आरोप

‘जातियों के नाम पर बनाए जा रहे फर्जी अकाउंट’

सतीश गौतम ने कहा कि कई बार सोशल मीडिया पर ठाकुर, पंडित, जाट, यादव और अन्य जातियों के नाम से फर्जी अकाउंट बनाए जाते हैं, जबकि उन अकाउंट्स को चलाने वाले लोगों की वास्तविक पहचान कुछ और होती है. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग फर्जी पहचान के जरिए समाज में भ्रम फैलाने और लोगों को आपस में लड़ाने का प्रयास कर रहे हैं.

‘बिना जांच किसी पोस्ट पर भरोसा न करें’

बीजेपी सांसद ने लोगों से अपील की कि किसी भी पोस्ट, वीडियो या संदेश को बिना सत्यापन के सही न मानें. उन्होंने कहा कि केवल हेडलाइन देखकर किसी खबर को वायरल करना गलत है. पहले उसकी सच्चाई की जांच करें और उसके बाद ही उसे साझा करें, ताकि अफवाहों को फैलने से रोका जा सके.

सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से करें इस्तेमाल

सतीश गौतम ने कहा कि आज फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म हर व्यक्ति की जिंदगी का हिस्सा बन चुके हैं, लेकिन उनका इस्तेमाल जिम्मेदारी के साथ होना चाहिए. उनके मुताबिक, कई बार झूठी और भड़काऊ पोस्ट समाज में विवाद और तनाव की स्थिति पैदा कर देती हैं.

इसे भी पढ़ें- इटावा का सुमेर सिंह किला बनेगा ईको-टूरिज्म हब, 1.44 करोड़ की परियोजना से मिलेगा नया स्वरूप

भाईचारा बनाए रखने की अपील

सांसद ने लोगों से अफवाहों और भड़काऊ सामग्री से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि समाज को बांटने की कोशिश करने वाले तत्वों से सतर्क रहना जरूरी है. उन्होंने कहा कि सामाजिक सौहार्द और भाईचारा बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है.