चुनाव आयोग और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ INDIA ब्लॉक का विरोध प्रदर्शन लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। गुरुवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत विपक्षी सांसदों ने राजघाट पहुंचकर धरना दिया और महात्मा गांधी की समाधि पर प्रार्थना की। करीब दो घंटे के प्रदर्शन के बाद विपक्षी नेता देर शाम वहां से रवाना हो गए।
शुक्रवार को फिर निकलेगा विपक्षी मार्च?
अब INDIA ब्लॉक शुक्रवार को एक बार फिर मार्च निकालने की तैयारी में है। टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने बताया कि पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी दिल्ली में हैं और शुक्रवार के विरोध प्रदर्शन में शामिल हो सकती हैं। उनके अलावा INDIA ब्लॉक के कई वरिष्ठ नेताओं के भी मार्च में शामिल होने की संभावना है। हालांकि मार्च का अंतिम रूट और प्रदर्शन स्थल को लेकर आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।
लंच के बाद बसों से राजघाट पहुंचे विपक्षी सांसद
गुरुवार को मल्लिकार्जुन खड़गे ने कनॉट प्लेस के एक रेस्टोरेंट में विपक्षी सांसदों के लिए लंच आयोजित किया। इसमें टीएमसी, समाजवादी पार्टी, सीपीआईएम, सीपीआई और आरजेडी समेत कई दलों के सांसद शामिल हुए। इसके बाद नेता बसों से राजघाट पहुंचे। राहुल गांधी और खड़गे की बस पर कुछ सांसदों ने तिरंगा लहराते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। राजघाट के आसपास दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई थी और बैरिकेडिंग भी की गई।
राहुल गांधी का केंद्र और चुनाव आयोग पर बड़ा हमला
राजघाट रवाना होने से पहले राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि विपक्षी सांसदों के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन किया जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि एक आपराधिक साजिश के तहत देश को “हाईजैक” किया गया है।
SIR को लेकर विपक्ष का विरोध
INDIA ब्लॉक का आरोप है कि मतदाता सूची के SIR (Special Intensive Revision) में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही और बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए जा रहे हैं। विपक्षी दल इसी मुद्दे पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। हालांकि चुनाव आयोग और बीजेपी ने विपक्ष के आरोपों को खारिज किया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

