दिल्ली की मंडोली जेल नंबर-13 में बंद कुछ अंडरट्रायल कैदियों ने जेल के अंदर रंगदारी मांगने और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं। कैदियों का आरोप है कि उनसे 10 लाख रुपये की मांग की गई और रकम नहीं देने पर दूसरे कैदियों से उनकी बेरहमी से पिटाई कराई गई। पीड़ित कैदियों ने आरोप लगाया है कि उन्हें अपने वकीलों से मिलने तक नहीं दिया गया। मामले को लेकर कुछ अंडरट्रायल कैदियों ने कड़कड़डूमा कोर्ट में लिखित शिकायत दी है। इसके अलावा, कैदियों ने दिल्ली के उपराज्यपाल, मुख्यमंत्री, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग, जेल प्रशासन और गृह मंत्रालय को भी शिकायत भेजी है। शिकायत में जेल स्टाफ पर नशीले पदार्थों की बिक्री जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं।
मंडोली जेल नंबर-13 में बंद कुछ अंडरट्रायल कैदियों ने जेल के अंदर रंगदारी वसूली और नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त का गंभीर आरोप लगाया है। कैदियों का आरोप है कि जेल में कुछ स्टाफ और अन्य अंडरट्रायल कैदियों की मिलीभगत से यह गतिविधियां चल रही हैं। जानकारी के अनुसार, मंडोली जेल में बंद वाजिद उर्फ मट्टू, अल्ताफ चौधरी और विकास समेत 4-5 अंडरट्रायल कैदियों ने आरोप लगाए हैं कि जेल के अंदर उनसे रंगदारी की मांग की गई। कैदियों ने नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री को लेकर भी शिकायत की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जिस जगह पर कथित रूप से यह गतिविधियां चलती हैं, वहां CCTV कैमरे नहीं लगे हैं, जिससे निगरानी में कमी का फायदा उठाया जा रहा है। मामले को लेकर एक अंडरट्रायल कैदी के वकील नीरज कुमार ने एडिशनल सेशन जज बबरू भान की अदालत में शिकायत दाखिल की है। इसके अलावा कैदियों ने जेल प्रशासन और अन्य संबंधित अधिकारियों को भी शिकायत भेजी है।
जेल नंबर-13 पहले भी विवादों में रही
साल 2022 में मंडोली जेल नंबर-12 और 13 में छापेमारी के दौरान आठ मोबाइल फोन और कई देसी चाकू बरामद किए गए थे। उस समय भी जेल के अंदर से रंगदारी रैकेट चलाए जाने के आरोप लगे थे। इसके बाद कई जेल कर्मचारियों के खिलाफ जांच शुरू की गई थी और कार्रवाई की गई थी। हाल के महीनों में भी मंडोली जेल के अंदर कैदियों के बीच हिंसक झड़प और हमले के कई मामले सामने आए हैं। इन घटनाओं के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

