राजधानी दिल्ली में रविवार को गर्मी और उमस ने लोगों को परेशान किया। दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। IMD ने अनुमान जताया है कि अगले 2 दिनों तक दिल्ली के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की संभावना है। हालांकि, इसके बाद तापमान में दोबारा बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। रविवार को दिन के समय चली गर्म हवाओं के कारण सड़क पर निकलने वाले लोगों को परेशानी हुई। आज दोपहर या शाम के समय बहुत हल्की से हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली कड़कने के आसार हैं।
कैसा रहेगा आज का तापमान ?
IMD के अनुसार, आज शहर में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। दोपहर या शाम के समय बहुत हल्की से हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली कड़कने के आसार हैं। इस दौरान आंधी-तूफान की भी संभावना जताई है। तेज हवाएं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं, जबकि झोंकों के साथ इनकी गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। इससे पहले रविवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.3 डिग्री अधिक रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.8 डिग्री अधिक था। दिल्ली के रिज इलाके में सबसे अधिक गर्मी रही, जहां तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है और लोगों को गर्मी व उमस से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
मानसून जुलाई के पहले हफ्ते में दे सकता है दस्तक
दिल्ली में इस बार मानसून के पहुंचने में देरी हो सकती है। दक्षिण-पश्चिम मानसून जुलाई के पहले सप्ताह तक दिल्ली में दस्तक दे सकता है। हालांकि, सामान्य तौर पर मानसून 27 जून के आसपास राजधानी पहुंच जाता है। मौसम विभाग का कहना है कि मानसून आने तक दिल्ली में बादलों की आवाजाही जारी रहेगी, लेकिन गर्मी और उमस से पूरी तरह राहत मिलने की संभावना कम है। बीच-बीच में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है, लेकिन तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। मानसून में देरी की मुख्य वजह वे अनुकूल मौसम प्रणालियां नहीं बन पाना है, जो आमतौर पर बारिश वाली हवाओं को उत्तर-पश्चिम भारत की ओर आगे बढ़ने में मदद करती हैं। इन परिस्थितियों के कमजोर रहने के कारण मानसूनी हवाओं की रफ्तार धीमी बनी हुई है।
गाजियाबाद में उमस भरी गर्मी से लोग परेशान
गाजियाबाद में रविवार को उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान किया। इस जून में पहली बार न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। दिनभर अधिकांश समय हल्के बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल सकी। मौसम विभाग ने रविवार को बूंदाबांदी की संभावना जताई थी। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे, लेकिन देर शाम तक बारिश की एक बूंद भी नहीं गिरी। बारिश नहीं होने के कारण न्यूनतम तापमान बढ़कर 30.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस महीने का सबसे अधिक न्यूनतम तापमान है। इससे पहले 8 जून को न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं, अधिकतम तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ और यह लगभग स्थिर रहा। गाजियाबाद में AQI 161 दर्ज किया गया, जो शनिवार की तुलना में थोड़ा बेहतर रहा। हालांकि, हवा की गुणवत्ता अभी भी खराब श्रेणी में बनी हुई है।
नोएडा में गर्मी बढ़ने के आसार
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है। रविवार को दिनभर तेज गर्मी और उमस के कारण लोग परेशान रहे। हवा चलने के बावजूद उमस से राहत नहीं मिली। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को नोएडा और ग्रेटर नोएडा का अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, जेवर में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले छह दिनों में नोएडा और ग्रेटर नोएडा का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इस दौरान दिनभर तेज धूप रहने की संभावना है, जिससे गर्मी और बढ़ेगी। साथ ही, उमस के कारण लोगों की परेशानी भी जारी रह सकती है। वहीं, वायु गुणवत्ता के मामले में नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लोगों को कुछ राहत रही। दोनों शहरों का AQI 200 से नीचे दर्ज किया गया।
गुरुग्राम में बूंदाबादी से राहत
गुरुग्राम में रविवार की सुबह हल्की बूंदाबांदी के साथ हुई, लेकिन इसके बावजूद लोगों को उमसभरी गर्मी से राहत नहीं मिल सकी। सुबह करीब छह बजे शहर के कई इलाकों में करीब 10 मिनट तक हल्की फुहारें पड़ीं। दोपहर 12 बजे तक आसमान में घने बादल छाए रहे। हालांकि, बादल हटने के बाद तेज धूप निकल आई और चिपचिपी उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। शाम करीब छह बजे के बाद मौसम ने फिर करवट ली और आसमान में काले बादल छा गए। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को गुरुग्राम का अधिकतम तापमान 38.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

