देश के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थानों में शामिल Indian Institute of Technology Delhi (आईआईटी दिल्ली) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के अभ्यर्थियों हेतु विशेष प्रवेश अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत पीजी (PG) और पीएचडी (PhD) कार्यक्रमों में आरक्षित श्रेणी की खाली सीटों को भरने के लिए योग्य उम्मीदवारों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

संस्थान द्वारा जारी जानकारी के अनुसार कुल 81 सीटें रिक्त हैं, जिनमें 49 सीटें एससी और 32 सीटें एसटी वर्ग के लिए आरक्षित हैं। आवेदन प्रक्रिया जारी है और इच्छुक अभ्यर्थी 28 जून तक आवेदन कर सकते हैं। वहीं, आवेदन पत्र में सुधार या आवश्यक संशोधन के लिए 29 जून तक का समय दिया गया है।

सामाजिक समावेशन और समान अवसर की दिशा में पहल

आईआईटी दिल्ली का कहना है कि इस विशेष अभियान का उद्देश्य केवल रिक्त सीटों को भरना नहीं है, बल्कि उन प्रतिभाशाली छात्रों तक पहुंच बनाना भी है जो किसी कारणवश नियमित प्रवेश प्रक्रिया में शामिल नहीं हो सके। यह पहल उच्च शिक्षा में सामाजिक समावेशन, प्रतिनिधित्व और समान अवसर को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

इन विभागों में सबसे ज्यादा अवसर

रिक्त सीटों की संख्या के लिहाज से कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग और फिजिक्स विभाग सबसे आगे हैं। इसके अलावा मैकेनिकल इंजीनियरिंग, गणित, बायोलॉजिकल साइंसेज, टेक्सटाइल एंड फाइबर इंजीनियरिंग, ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंसेज, केमिस्ट्री, इलेक्ट्रिकल इंजियरिंग तथा डिजाइन से जुड़े विभागों में भी प्रवेश के अवसर उपलब्ध हैं।

छात्रों के लिए सुनहरा मौका

शिक्षाविदों का मानना है कि शीर्ष संस्थानों में आरक्षित सीटों का पूर्ण उपयोग सुनिश्चित करना आवश्यक है, ताकि वंचित वर्गों के छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और उच्च स्तरीय शोध के अवसर मिल सकें। आईआईटी दिल्ली का यह विशेष अभियान उन विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर साबित हो सकता है, जो देश के अग्रणी संस्थान में उच्च शिक्षा और शोध का सपना साकार करना चाहते हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m