कश्मीरी गेट स्थित यमुना बाजार घाट क्षेत्र में रहने वाले लोगों के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है। दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की ओर से जारी नोटिस के बाद यहां के निवासी अपने घर खाली करने लगे हैं। यमुना तट पर स्थित होने के कारण यह इलाका ‘ओ’ जोन में आता है और प्रशासन द्वारा इसे अवैध बसावट घोषित किया गया है। ऐसे में इस सप्ताह कभी भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू हो सकती है।
हाई कोर्ट से नहीं मिली राहत
पिछले महीने प्रशासन ने 300 से अधिक परिवारों को मकान खाली करने का नोटिस दिया था, जिसकी समयसीमा इस माह की शुरुआत में समाप्त हो चुकी है। प्रभावित परिवारों ने राहत के लिए दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया, लेकिन उन्हें कोई राहत नहीं मिली। प्रशासन की ओर से कार्रवाई की संभावना जताए जाने के बाद लोगों ने स्वयं ही अपने घरों से सामान निकालना शुरू कर दिया है।
वजीराबाद, गीता कॉलोनी और कैलाश नगर की ओर रुख
यमुना बाजार घाट पर वर्षों से रह रहे पंडा परिवार, मछुआरे, नाई समुदाय के लोग और किरायेदार अब वजीराबाद, गीता कॉलोनी तथा कैलाश नगर जैसे इलाकों में स्थानांतरित हो रहे हैं। स्थानीय निवासी राकेश शर्मा के अनुसार, अगले एक-दो दिनों में पूरा क्षेत्र लगभग खाली हो जाएगा।
मंदिरों को लेकर बना हुआ है असमंजस
हालांकि, सबसे बड़ा सवाल यहां मौजूद 50 से अधिक मंदिरों के भविष्य को लेकर है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान मंदिरों को भी हटाया जाएगा या उन्हें यथावत रखा जाएगा। यदि मंदिर बने रहते हैं, तो उनकी नियमित पूजा-अर्चना, भोग और धार्मिक गतिविधियों का संचालन कैसे होगा, यह भी चिंता का विषय बना हुआ है। प्रतिदिन दिल्ली सहित अन्य राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं पर भी इसका असर पड़ सकता है।
घाट नंबर-2 से शुरू हो सकती है कार्रवाई
स्थानीय लोगों के मुताबिक, क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति के कारण तोड़फोड़ की कार्रवाई आसान नहीं होगी। एक ओर यमुना घाट, दूसरी ओर ऊंची दीवार और पास में निगमबोध घाट होने से बुलडोजर के प्रवेश के लिए सीमित रास्ते हैं। ऐसे में संभावना है कि घाट नंबर-2 की ओर से कार्रवाई शुरू की जाए। पहले नदी किनारे की बसावट हटाकर रास्ता बनाया जाएगा, जिसके बाद आगे की कार्रवाई को अंजाम दिया जाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

