रायपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को लेकर कांग्रेस नेता द्वारा किए गए सोशल मीडिया पोस्ट से विवाद खड़ा हो गया है। BJP प्रदेश प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने कांग्रेस IT सेल नेता अरुण साहू के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि अरुण साहू ने BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के तिरंगा फहराने की तस्वीर से कथित तौर पर छेड़छाड़ कर उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित किया और इसके जरिए भ्रामक जानकारी फैलाने का प्रयास किया।

शिकायत के अनुसार, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत नितिन नबीन ने अपने निवास पर राष्ट्रीय ध्वज लगाया था, जिसकी फोटो और वीडियो आज भी उपलब्ध हैं। आरोप है कि बेमेतरा जिला अध्यक्ष (IT सेल, छत्तीसगढ़ कांग्रेस) अरुण साहू ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से राष्ट्रीय ध्वज की तस्वीर से छेड़छाड़ कर उसे अपमानित किया तथा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद नितिन नबीन को बदनाम करने का प्रयास किया। अरुण साहू ने बाद में अपना पोस्ट डिलीट कर बचने का प्रयास किया, जिसका स्क्रीनशॉट उन्होंने शिकायत कॉपी में संलग्न किया है।

इन धाराओं के तहत अपराध दर्ज

शिकायत के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने प्रथम दृष्टया अपराध पाए जाने पर राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम की धारा 2 और BNS की धारा 356 के तहत FIR दर्ज की है। पुलिस अब सोशल मीडिया पोस्ट, उसके स्रोत और पोस्ट से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

कांग्रेस पर साधा निशाना

भाजपा प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से सुनियोजित रूप से कांग्रेस पार्टी के नेताओं द्वारा राष्ट्रध्वज तथा पार्टी के नेताओं को लेकर बिना किसी फैक्ट चेक के सोशल मीडिया पर एक मुहिम चलाई जा रही है, जिस पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। दिमागी रूप से नक्सली साबित हो चुके कांग्रेसियों का इलाज करना प्रारंभ कर दिया गया है। राष्ट्रध्वज और राष्ट्रपर्व पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H