रविंद्र भारद्वाज, रायबरेली. उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सचान ने ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि केवल आरोप लगाकर या माहौल बनाकर सत्ता हासिल नहीं की जा सकती. सत्ता में आने के लिए जनता के बीच काम करना और उसका समर्थन हासिल करना जरूरी है. वह मुड़ियाडीह में आयोजित दंगल प्रतियोगिता के उद्घाटन के दौरान मीडिया से बातचीत कर रहे थे.

राहुल गांधी के दिल्ली में प्रदर्शन और सरकार को घेरने से जुड़े सवाल पर सचान ने कहा कि चुनाव आयोग एक स्वतंत्र संस्था है और मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) उसकी प्रक्रिया का हिस्सा है. उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक दलों को मतदाता सूची की जांच और पुनरीक्षण के काम में सहयोग करना चाहिए. उनके मुताबिक, 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके लोग फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम जुड़वा सकते हैं, जबकि नाम हटाने या स्थानांतरण के लिए क्रमशः फॉर्म-7 और फॉर्म-8 का उपयोग किया जा सकता है.

इसे भी पढ़ें : बरेली में BJP की बड़ी पदयात्रा आज, जेपी नड्डा और केशव मौर्य होंगे शामिल; स्कूल बंद

खेलों को बढ़ावा देने के सवाल पर मंत्री ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की योगी सरकार युवाओं तथा खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए योजनाओं के माध्यम से काम कर रही हैं. इन योजनाओं का लाभ क्षेत्रीय और जिला स्तर के खिलाड़ियों तक पहुंचना चाहिए. सचान ने मुड़ियाडीह में लगातार 30 वर्षों से दंगल आयोजित करने के लिए आयोजक श्रीकृष्ण यादव और उनकी टीम को बधाई दी.