अंबाला। हरियाणा के अंबाला में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला सामने आया है जहां एक आवारा कुत्ते ने गली में खेल रहे पांच साल के मासूम बच्चे पर अचानक हमला कर दिया। कुत्ते के हमले से घबराकर बच्चा भागा तो वह जमीन पर गिर गया, जिसके बाद कुत्ते ने उसे बुरी तरह नोंचना शुरू कर दिया और उसके चेहरे व हाथ पर काट लिया। इस पूरी घटना का एक डरावना सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है।
बहन ने छतरी से की बचाने की कोशिश
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पांच साल का विराज खेलता हुआ गली में जा रहा था, तभी एक आवारा कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। हमले के दौरान जब बच्चा जान बचाने के लिए भागा तो वह गिर पड़ा। यह देख उसकी बहन तृषा तुरंत दौड़कर आई और उसने छतरी से मारकर कुत्ते को दूर हटाने की कोशिश की। हालांकि, कुत्ता इतना आक्रामक था कि वह दोनों बच्चों पर ही हमलावर हो गया।
मां ने गोद में उठाकर बचाई जान
बच्चों की चीख-पुकार सुनकर दूसरी गली से उनकी मां भागती हुई मौके पर पहुंची। मां ने बिना एक क्षण गंवाए बच्चे को तुरंत अपनी गोद में उठा लिया और जोर-जोर से शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोग भी तुरंत वहां एकत्र हो गए, जिसके बाद किसी तरह कुत्ते को वहां से भगाया गया।
स्थानीय लोगों में रोष
इस भयावह घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नगर निगम की कार्यप्रणाली के खिलाफ भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है और वे आए दिन किसी न किसी को अपना शिकार बना रहे हैं, लेकिन प्रशासन इस ओर कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

