अंबाला। उत्तर प्रदेश के रायबरेली स्थित अपने घर दादी की तेरहवीं में शामिल होने आ रहे 28 साल के मजदूर दुर्गेश की शनिवार सुबह हरियाणा के अंबाला में ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। लुधियाना से लखनऊ की ट्रेन पकड़कर लौट रहे दुर्गेश का शव अंबाला कैंट और अंबाला सिटी रेलवे स्टेशन के बीच ट्रैक के किनारे मिला था। रविवार को रायबरेली और लुधियाना से पहुंचे परिजनों की मौजूदगी में अंबाला पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव उन्हें सौंप दिया है।
लुधियाना में करता था पुताई का काम
मृतक दुर्गेश रायबरेली का रहने वाला था और अपने परिवार का मुख्य कमाने वाला सदस्य था। वह इसी साल मई महीने में काम की तलाश में घर से लुधियाना गया था, जहां वह पुताई का काम करता था। 23 सितंबर को उसकी दादी का निधन हो गया था। दादी के अंतिम संस्कारों और तेरहवीं की रस्म में शामिल होने के लिए ही उसने घर लौटने की योजना बनाई थी।
भाई का आरोप: ट्रेन के अंदर किसी ने धक्का दिया
मृतक के छोटे भाई बृजेश ने आरोप लगाया कि दुर्गेश ट्रेन के अंदर खड़ा होकर सफर कर रहा था। इसी दौरान भीड़ या कहासुनी में किसी व्यक्ति ने उसे अचानक धक्का दे दिया, जिससे वह चलती ट्रेन से सीधे नीचे जा गिरा। नीचे गिरने से उसे कई गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी जान चली गई। हालांकि, जीआरपी (GRP) अधिकारियों का कहना है कि वे मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रहे हैं और धक्के वाली बात की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
सिर और छाती में चोट, पैर भी मिला फ्रैक्चर
पोस्टमार्टम की शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दुर्गेश के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। इसके साथ ही उसकी छाती पर चोट लगी थी और एक पैर भी फ्रैक्चर पाया गया है। डॉक्टरों का मानना है कि ये चोटें चलती ट्रेन से नीचे गिरने के कारण आई हैं। पुलिस अब पोस्टमार्टम की विस्तृत रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हादसे के वास्तविक कारणों की जांच में जुटी है।
जेब से मिला लखनऊ का जनरल टिकट और मोबाइल
शनिवार सुबह करीब 8 बजे रेलवे स्टेशन मास्टर ने जीआरपी को ट्रैक के पास शव मिलने की सूचना दी थी। पुलिस की जांच में दुर्गेश की जेब से 2 अक्टूबर की रात 2:10 बजे का लुधियाना से लखनऊ का जनरल ट्रेन टिकट, 60 रुपये नकद और एक पोको (POCO) कंपनी का टूटी स्क्रीन वाला मोबाइल मिला। इसी मोबाइल और दस्तावेजों के आधार पर पुलिस ने रायबरेली में परिजनों से संपर्क किया। इसके बाद रायबरेली से 5 लोग और लुधियाना से उनके रिश्तेदार रविवार को अंबाला पहुंचे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

