अंबिकापुर। IPS के बेटे से मारपीट के मामले में कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर शहर में उनका जुलूस निकाला। दोनों को हथकड़ी पहनाकर थाने से न्यायालय तक ले जाया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

बता दें कि मामला 7 सितंबर की रात करीब 10 बजे का है। IPS रवि कुर्रे का 24 वर्षीय बेटा लेखांश कांत कुर्रे अपने दो दोस्तों विशाल सोनी और रोमी खान के साथ कार से दोस्त प्रिंस गुप्ता के बौरीपारा स्थित घर जा रहा था। प्रिंस के घर से कुछ दूर पहले बौरीपारा तालाब के पास उसने कार रोक दी।
वहां पहले से बौरीपारा निवासी गोलू गणेश, रतन गुप्ता, कोया डॉन, आशुतोष गुप्ता समेत अन्य युवक मौजूद थे। लेखांश कार से उतरकर प्रिंस से मोबाइल पर बात करने लगा। बातचीत के दौरान उसने गोलू गणेश का नाम लिया। इसी बात को लेकर रतन गुप्ता और कोया डॉन ने उससे गाली-गलौज शुरू कर दी।
‘गोलू गणेश नहीं, बाप बोल’ कहकर शुरू हुआ विवाद
रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपियों ने लेखांश से कहा- ‘गोलू गणेश नहीं, बाप बोल।’ इसके बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गोलू गणेश ने लेखांश का हाथ पकड़ लिया और रतन गुप्ता, कोया डॉन व आशुतोष गुप्ता ने उसके साथ हाथ-मुक्के, बेल्ट और कड़े से मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट में लेखांश की कनपटी, सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि इसी दौरान आरोपियों में से एक ने उसका गला दबाने की भी कोशिश की। दोस्तों ने किसी तरह उसे आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया।
मारपीट के दौरान दी धमकी- ‘तेरा बाप पुलिस वाला है तो क्या कर लेगा?’
लेखांश के मुताबिक, मारपीट के दौरान आरोपियों ने उसे धमकाते हुए कहा- ‘तेरा बाप पुलिस ऑफिसर है तो हमारा क्या कर लेगा?’ इसके बाद उसने मामले की शिकायत कोतवाली थाने में दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने गोलू गणेश, रतन गुप्ता, कोया डॉन, आशुतोष गुप्ता और उनके अन्य साथियों के खिलाफ BNS की धारा 296, 351(3), 115(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया।
पुलिस ने निकाला आरोपियों का जुलूस
मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके बाद दोनों को हथकड़ी पहनाकर कोतवाली थाने से न्यायालय तक ले जाया गया। पुलिस ने शहर में उनका जुलूस भी निकाला। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों का जुलूस निकालने का उद्देश्य लोगों के मन से उनका खौफ खत्म करना है।
सिक्योरिटी एजेंसी चलाता है IPS का बेटा
लेखांश कांत कुर्रे नमनाकला खटिकपारा में रहता है और सिक्योरिटी एजेंसी का संचालक है। उसने पुलिस को दी शिकायत में घटना की पूरी जानकारी दी थी। वहीं, IPS रवि कुर्रे वर्तमान में रायपुर में पदस्थ हैं। इससे पहले वे कोरिया जिले के SP रह चुके हैं।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



