अमेरिका में चीन के लिए विदेशी एजेंट के तौर पर काम करने के मामले में अमेरिकी पत्रकार थॉमस वीर पॉकन II को दो साल जेल की सजा सुनाई गई है। अमेरिकी न्याय विभाग के मुताबिक, 51 वर्षीय पॉकन ने इस साल की शुरुआत में अपना अपराध स्वीकार कर लिया था। सजा पूरी होने के बाद उसे 36 महीने तक निगरानी में रखा जाएगा और इस दौरान विदेश यात्रा पर भी रोक रहेगी।
चीन के लिए कर रहा था खुफिया गतिविधियों में मदद
अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, पॉकन कम से कम 2019 से फरवरी 2026 तक ऐसे लोगों के निर्देश पर काम कर रहा था, जिनके चीन की सरकार से संबंध होने की उसे जानकारी थी। न्याय विभाग का आरोप है कि उसने चीन के मिनिस्ट्री ऑफ स्टेट सिक्योरिटी (MSS) के अभियानों में मदद की, संभावित सहयोगियों की भर्ती की और संवेदनशील जानकारी जुटाने की कोशिश की। राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए सहायक अटॉर्नी जनरल जॉन ए. आइजनबर्ग ने आरोप लगाया कि पॉकन ने पैसे के लिए अपने देश के हितों के खिलाफ काम किया।
रिपोर्ट के बदले मिले कम से कम 1 लाख डॉलर
अदालती दस्तावेजों के मुताबिक, पॉकन को ‘कैथी’ नाम से पहचानी गई एक महिला के साथ काम करने के बदले कम से कम 1 लाख डॉलर मिले थे। बताया गया है कि कैथी ने दावा किया था कि पॉकन की तैयार की गई रिपोर्ट चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग तक पहुंचती थीं।
पॉकन को ऐसे लोगों की भर्ती के लिए भी कहा गया था, जो गोपनीय जानकारी उपलब्ध करा सकते थे। एक मामले में उसे एक संभावित सहयोगी को सैमसंग फोन, कंप्यूटर और सुरक्षित मैसेजिंग ऐप्स से जुड़ी जानकारी देने के निर्देश मिले थे।
पत्रकार के तौर पर ‘टॉम मैकग्रेगर’ नाम इस्तेमाल किया
पॉकन 2010 में चीन गया था और वहां CCTV समेत कई चीनी मीडिया संस्थानों के लिए काम किया। 2024 से वह सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ में संपादक था। पत्रकारिता के दौरान वह ‘टॉम मैकग्रेगर’ नाम से भी काम करता था और अमेरिका-चीन संबंधों तथा चीन के शहर शेनझेन पर किताबें लिख चुका है।
उसके वकील चार्ल्स बर्नहैम ने कहा कि पॉकन ने अपनी जिम्मेदारी स्वीकार कर ली है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ने अदालत में माना था कि पॉकन ने चीन को कोई गोपनीय या क्लासिफाइड जानकारी उपलब्ध नहीं कराई।
फरवरी में हुई थी गिरफ्तारी
पॉकन को फरवरी 2026 में गिरफ्तार किया गया था। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि ‘कैथी’ कई वर्षों तक उसकी अमेरिका यात्राओं का खर्च उठाती थी और उसकी पत्नी के बैंक खातों में पैसे भेजती थी। पॉकन के वकील के मुताबिक, वह अदालत के फैसले का सम्मान करेगा और सजा के खिलाफ अपील नहीं करेगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



