अजयारविंद नामदेव, शहडोल। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका-ईरान तनाव, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और वैश्विक संकटों के बीच देश में पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता को लेकर लगातार चर्चाएं बनी हुई हैं। केंद्र सरकार भले ही देश में ईंधन की कोई कमी न होने का दावा कर रही हो, लेकिन शहडोल जिले के ब्यौहारी में एक पेट्रोल पंप पर तेल लेने पहुंचे युवक के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है।

जिले के ब्यौहारी थाना ग्राम तेंदुआढ़ निवासी दलबीर पटेल मजदूरी कर घोरसा से वापस लौटते समय ब्यौहारी स्थित गुप्ता पेट्रोल पंप पहुंचे थे। दलबीर का आरोप है कि उन्होंने पहले कम मात्रा में पेट्रोल मांगा तो पंप कर्मचारियों ने देने से मना कर दिया और कहा कि 20-50 रुपये का पेट्रोल नहीं देते। इसके बाद जब दलबीर ने 500 रुपये का पेट्रोल देने की बात कही, तब भी कर्मचारियों ने यह कहते हुए इंकार कर दिया कि पंप बंद है, तेल नहीं है।

ये भी पढ़ें: अजब-गजब: ‘सिंघम’ मैडम के आगे ढेर हुए पुलिस के ‘शहंशाह’, बीच सड़क काटा सिपाहियों का चालान

पीड़ित का आरोप है कि जब उसने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाना शुरू किया, तो पेट्रोल पंप के कर्मचारी शक्तिमान तिवारी और अरुणोदय द्विवेदी भड़क गए। आरोप है कि दोनों कर्मचारियों ने जातिसूचक गालियां देते हुए दलबीर पटेल के साथ मारपीट की। युवक के मुताबिक उस पर डंडे, हाथ-घूंसों से हमला किया गया और गला पकड़कर जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद दलबीर पटेल ने ब्यौहारी थाना समेत राजस्व विभाग को शिकायत कर निष्पक्ष जांच की मांग की है। शिकायत में पेट्रोल पंप के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m