अजय सैनी, भिवानी। भीषण गर्मी के बीच लगातार 61 दिनों तक लाखों यात्रियों को शुद्ध और ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने वाली सावन कृपाल रूहानी मिशन (कृपाल आश्रम, हनुमान गेट शाखा) की सेवा भावना को हरियाणा रोडवेज ने सम्मानित किया है। हरियाणा राज्य परिवहन के महाप्रबंधक दीपक कुंडू ने मिशन के सेवादारों को प्रशंसा पत्र देकर उनके जनसेवा कार्यों की सराहना की।

1 मई से 30 जून तक चली सेवा

भिवानी के मुख्य बस स्टैंड पर 1 मई से 30 जून तक प्रतिदिन सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक ‘कृपाल प्याऊ’ और छबील का संचालन किया गया। इस सेवा का शुभारंभ भिवानी के उपायुक्त साहिल गुप्ता और हरियाणा रोडवेज के महाप्रबंधक दीपक कुंडू ने किया था।

रोजाना 8,500 लीटर शुद्ध और ठंडा पानी

मिशन की ओर से प्रतिदिन करीब 8,500 लीटर शुद्ध एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध कराया गया। पानी पिलाने से पहले उसकी टीडीएस (TDS) जांच और फिल्ट्रेशन सुनिश्चित किया जाता था। विशेष टैंकरों के माध्यम से पानी की आपूर्ति की गई। हर रविवार यात्रियों के लिए मीठे शर्बत की छबील भी लगाई जाती थी।

इतना ही नहीं, बस स्टैंड पर आने वाले यात्रियों के साथ-साथ रोडवेज बसों में रखे यात्रियों और स्टाफ के पानी के कैंपर भी ठंडे पानी से भरे जाते थे।

पानी के साथ लंगर सेवा भी

मिशन ने केवल पेयजल सेवा तक खुद को सीमित नहीं रखा। प्रतिदिन दोपहर में जरूरतमंद यात्रियों के लिए निःशुल्क लंगर की व्यवस्था भी की गई। 30 जून को समापन अवसर पर बस स्टैंड परिसर में सत्संग एवं ध्यान साधना शिविर आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। इसके बाद हजारों लोगों को प्रेमपूर्वक लंगर वितरित किया गया।

रोडवेज महाप्रबंधक ने की सराहना

हरियाणा राज्य परिवहन भिवानी के महाप्रबंधक दीपक कुंडू ने कहा कि वर्ष 2025 में भी मिशन द्वारा संचालित प्याऊ के सकारात्मक परिणाम मिले थे। इसी अनुभव के आधार पर इस वर्ष भी अनुमति दी गई। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद बस स्टैंड पर यात्रियों को पानी की कोई कमी महसूस नहीं हुई और मिशन के सेवादारों ने पूरे समर्पण के साथ सेवा की। उन्होंने अगले वर्ष भी इस सेवा को जारी रखने का निमंत्रण दिया।

विश्वभर में सेवा कार्यों से जुड़ा है मिशन

यह सेवा संत राजिन्दर सिंह महाराज के मार्गदर्शन में संचालित की जा रही है। मिशन का मुख्यालय विजय नगर (दिल्ली) तथा अंतरराष्ट्रीय मुख्यालय नेपरविल (अमेरिका) में स्थित है। दुनिया भर में मिशन के 3,450 से अधिक केंद्र संचालित हैं, जहां निःशुल्क चिकित्सा, मोतियाबिंद ऑपरेशन, रक्तदान शिविर, दिव्यांग सहायता, व्यावसायिक प्रशिक्षण और आपदा राहत जैसे सामाजिक कार्य किए जाते हैं।