आनंद (गुजरात): गुजरात के आनंद जिले में स्थित प्रसिद्ध शिक्षण संस्थान वल्लभविद्यानगर के राणक गर्ल्स हॉस्टल में गुरुवार की रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया। हॉस्टल में बना खाना खाने के बाद 200 से अधिक छात्राओं की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिससे पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। छात्राओं ने पेट में असहनीय दर्द, लगातार उल्टी और दस्त की शिकायत की। स्थिति नाजुक होने पर 20 से अधिक छात्राओं को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराना पड़ा, जबकि बाकी का इलाज हॉस्टल में ही चल रहा है।

लापरवाही का गंभीर आरोप, 2 घंटे देरी से मिला इलाज

बीमार छात्राओं ने हॉस्टल प्रशासन पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्राओं का कहना है कि शुरुआती दौर में जब उन्होंने तबीयत बिगड़ने की बात कही, तो उन्हें अस्पताल ले जाने के बजाय दवा देकर कमरों में आराम करने की सलाह दी गई। इस लापरवाही और लगभग दो घंटे की देरी के कारण कई छात्राओं की स्थिति अधिक बिगड़ गई। जब एक साथ सैकड़ों लड़कियां दर्द से तड़पने लगीं, तब जाकर हॉस्टल प्रबंधन की नींद खुली और आनन-फानन में एंबुलेंस बुलाई गई।

फ्रूट सलाद और पनीर की सब्जी पर संदेह

घटना की रात हॉस्टल के मेन्यू में पनीर की सब्जी और फ्रूट सलाद परोसा गया था। भोजन करने के कुछ ही देर बाद एक-एक करके छात्राओं को शिकायत होने लगी। प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि फ्रूट सलाद या खराब पनीर के कारण यह विषैला भोजन (फूड पॉइजनिंग) की स्थिति बनी है।

रसोई में मिले कीड़े और गंदगी का अंबार

मामले की जानकारी मिलते ही करमसद-आणंद महानगरपालिका के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राकेश पटेल, स्वास्थ्य विभाग और फूड एंड ड्रग्स विभाग की संयुक्त टीमें हॉस्टल पहुंचीं। जांच के दौरान हॉस्टल की रसोई में भारी गंदगी पाई गई। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि भंडारण में रखे अनाज में कीड़े पाए गए।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रसोई से भोजन, अनाज और पानी के सैंपल ले लिए हैं और उन्हें लैब टेस्ट के लिए भेज दिया है। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की टीमें हॉस्टल में कैंप लगाकर सभी छात्राओं के स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आते ही दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें

खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें