कुंदन कुमार, पटना। बाहुबली अनंत सिंह के घर जल्द ही शहनाइयां बजने वाली हैं। अपनी बेटी की शादी की तैयारियों में जुटे अनंत सिंह ने राजनीतिक मतभेदों को दरकिनार करते हुए एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि वे अपनी बेटी के विवाह समारोह के लिए दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सभी राजनीतिक दलों के नेताओं को व्यक्तिगत रूप से निमंत्रण कार्ड भेजेंगे।
विरोधी दलों को भी जाएगा शादी का कार्ड
एक विशेष बातचीत के दौरान अनंत सिंह ने कहा कि शादी-विवाह जैसे मांगलिक कार्य में कोई दुश्मनी या राजनीतिक गुटबाजी नहीं होती। जब उनसे विपक्षी नेताओं को बुलाने के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने पूरे आत्मविश्वास के साथ कहा कि वे राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और पूर्व उप-मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को भी निश्चित तौर पर शादी का निमंत्रण पत्र देंगे। उनका मानना है कि पारिवारिक और सामाजिक आयोजनों में सभी का स्वागत होना चाहिए।
विधानसभा के नोटिस पर शादी के बाद देंगे जवाब
विधानसभा से मिले एक नोटिस के सवाल पर अनंत सिंह ने साफ लहजे में कहा कि उन्हें नोटिस प्राप्त हो चुका है। हालांकि, इस समय उनका पूरा ध्यान बेटी के विवाह की तैयारियों और व्यवस्थाओं पर केंद्रित है। उन्होंने कहा, अभी मैं शादी के काम में व्यस्त हूं। जैसे ही शादी के कार्यक्रमों से फ्री होंगा, वैसे ही विधानसभा के नोटिस का उचित जवाब दूंगा।
JDU की बैठक से अनभिज्ञता
सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की हालिया बैठकों और अंदरूनी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर जब उनसे सवाल पूछा गया, तो उन्होंने बहुत ही बेबाकी से दूरी बना ली। अनंत सिंह ने कहा कि उन्हें इस बैठक के बारे में कोई जानकारी नहीं है और न ही वे अभी राजनीतिक घटनाक्रमों पर ध्यान दे रहे हैं।

