वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जदयू के आधिकारिक उम्मीदवार नीरज कुमार और जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह के बीच सीधा मुकाबला है, लेकिन मोकामा विधायक अनंत सिंह के खुले तौर पर जन सुराज उम्मीदवार के प्रचार में उतरने से मामला बेहद रोचक हो गया है। अनंत सिंह ने नालंदा में जन आशीर्वाद यात्रा निकालकर अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
नालंदा में अनंत सिंह का आक्रामक प्रचार
अनंत सिंह ने नालंदा के परवलपुर और बिहारशरीफ के मगड़ा में खुली जीप पर सवार होकर प्रचार किया। इस दौरान उनके साथ भोजपुरी गायक गुंजन सिंह भी मौजूद रहे। अनंत सिंह ने समर्थकों की नारेबाजी के बीच कहा कि इस बार स्नातक मतदाता नीरज कुमार की गैस निकाल देंगे। यह पहला मौका नहीं है जब उन्होंने बगावती तेवर दिखाए हैं, इससे पहले फतुहा से बख्तियारपुर तक रोड शो करके भी वे डॉ. अनुज सिंह के पक्ष में माहौल बना चुके हैं।
ललन सिंह की कोशिशें नाकाम, सुलह पर सवाल
खबरों के मुताबिक, अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच तल्खी दूर करने की जिम्मेदारी केंद्रीय मंत्री ललन सिंह को सौंपी गई थी। 5 अक्टूबर को ललन सिंह ने दावा किया था कि अनंत सिंह सार्वजनिक बयानबाजी से परहेज करेंगे, भले ही वे पार्टी उम्मीदवार के लिए वोट न मांगें। लेकिन नालंदा में अनंत सिंह का आक्रामक प्रचार इस बात का सबूत है कि पार्टी की सुलह कराने की सारी कोशिशें बेअसर साबित हो चुकी हैं।
जदयू की रणनीति और बड़ा सवाल
मुखिया प्रतिनिधि सोनू कुमार ने अनंत सिंह की सक्रियता पर कहा कि उनका नीरज कुमार के साथ व्यक्तिगत विवाद है, इसलिए वे जदयू में रहकर भी उनके खिलाफ प्रचार कर रहे हैं। दूसरी तरफ, नीरज कुमार के समर्थन में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी जैसे बड़े नेताओं के मैदान में उतरने की तैयारी है। हालांकि, प्रचारकों की इस सूची में ललन सिंह का नाम न होना भी राजनीतिक चर्चा का विषय बना हुआ है। अब देखना यह है कि अनंत सिंह की यह बगावत नीरज कुमार के चुनावी समीकरणों को कितना नुकसान पहुंचाती है।

