Anant Singh: बिहार एमएलसी चुनाव को लेकर जदयू विधायक अनंत सिंह और पटना स्नातक सीट से उम्मीदवार नीरज कुमार के बीच लगातार बयानबाजी जारी है। इस बीच अनंत सिंह ने एक बार फिर से नीरज कुमार को लेकर बड़ा बयान दिया है। मीडिया से बातचीत के दौरान मोकामा विधायक ने नीरज कुमार के पुदीना सिंह वाले बयान पर कहा कि, 23 नवंबर को उनका सारा गैस निकल जाएगा।

उन्होंने कहा कि, 18 साल से जो उनका गैस बना हुआ है, वह भी खत्म हो जाएगा। फिर उन्हें (नीरज कुमार) को कभी दोबारा गैस नहीं होगा। साथ ही उन्होंने कहा कि कौन नेता क्या कहता है? उसपर उनका ध्यान नहीं है, क्योंकि वह टीवी और न्यूज नहीं देखते हैं। वह केवल अपने जनता के बीच रहते हैं और उनका काम करते हैं।

‘नीरज कुमार को हराकर लेंगे दम’

गौरतलब है कि अनंत सिंह पटना स्नातक सीट से जन सुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह का समर्थन कर रहे हैं। पार्टी के शीर्ष नेताओं ने भी उन्हें मनाने की लाख कोशिश की लेकिन वो किसी की भी बात सुनने को तैयार नहीं हैं। ऐसा करने के पीछे अनंत सिंह का कहना है कि नीरज कुमार ने भी विधानसभा चुनाव के दौरान उनका विरोध किया था, जिसके लिए वे उनका विरोध कर रहे हैं और उन्हें हराकर दम लेंगे।

पार्टी को बेचैन नहीं होना चाहिए- अनंत सिंह

पार्टी प्रत्याशी नीरज कुमार की जगह जन सुराज उम्मीदवार अनुज सिंह का समर्थन करने के सवाल पर अनंत सिंह ने कहा कि, हम किसी को चुनौती नहीं दे रहे हैं। उन्होंने हमारा साथ दिया है, इसलिए हम भी उनका साथ दे रहे हैं। हम पार्टी में हैं और पार्टी को चुनौती नहीं देते। लेकिन मैं पार्टी से कहना चाहता हूं कि यह विधानसभा चुनाव नहीं है। पार्टी को इतना बेचैन नहीं होना चाहिए, क्योंकि जनता को यह अच्छा नहीं लग रहा है।

हम टिकट मांगने नहीं गए थे- अनंत सिंह

मोकामा विधायक ने कहा कि, विधानसभा चुनाव में पार्टी ने हमें टिकट दिया था। हम टिकट मांगने भी नहीं गए थे। नीतीश कुमार ने कहा कि चुनाव लड़ना है, तो हम लड़ गए। मैं नीतीश जी का भक्त हूं। नीरज कुमार का हम विरोध करते हैं और आगे भी करते रहेंगे। इस दौरान उनके साथ मौजूद अनंत सिंह के समर्थक बब्लू पांडे ने एमएलसी चुनाव पर कहा कि, यहां लड़ाई एनडीए से नहीं, बल्कि व्यक्तिगत है। यहां मुकाबला नीरज कुमार और अनंत सिंह के बीच है। ऐसा इसलिए है, क्योंकि नीरज कुमार हर बार ललन सिंह और अनंत सिंह का विरोध करते रहे हैं। इसलिए यहां इन दोनों के बीच लड़ाई है।

गौरतलब है कि बिहार की 8 सीटों पर हो रहे एमएलसी चुनाव के लिए 23 अक्टूबर को वोटिंग होनी है। वहीं, 27 अक्टूबर को चुनाव का परिणाम सामने आएगा।

ये भी पढ़ें- ‘वो घर आए थे…’, पहली बार मीडिया के सामने आईं अनुष्का यादव, तेज प्रताप यादव को लेकर कही ये बात