कुंदन कुमार, पटना। राजनीति में एक बार फिर जेडीयू विधायक अनन्त सिंह और एमएलसी नीरज कुमार के बीच का राजनीतिक टकराव खुलकर सामने आ गया है। अनन्त सिंह ने नीरज कुमार के खिलाफ तीखा रुख अपनाते हुए उन्हें आगामी एमएलसी चुनाव में किसी भी हाल में जीतने नहीं देने की खुली चुनौती दी है। उनके इस ऐलान के बाद सूबे की सियासत में हलचल तेज हो गई है।

​पुराना विवाद और गंभीर आरोप

​अनन्त सिंह ने आरोप लगाया है कि उन्हें पूर्व में एक साजिश के तहत फंसाया गया था। उन्होंने दावा किया कि आरसीपी सिंह की बेटी और तत्कालीन पुलिस अधिकारी लिपि सिंह के साथ मिलकर उन्हें झूठे मामलों में उलझाया गया था, जिससे उन्हें सजा भुगतनी पड़ी थी। अनन्त सिंह ने इसी रंजिश के चलते आगामी चुनाव में नीरज कुमार का पुरजोर विरोध करने का ऐलान किया है।

​पार्टी और नेताओं के योगदान पर बयान

​अनंत सिंह ने अपनी राजनीतिक स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि हम लोग पार्टी के सिंबल पर नहीं, बल्कि जनसमर्थन के दम पर चुनाव जीतते हैं। उन्होंने कहा कि हम लोग मिलकर मुख्यमंत्री और बड़े नेताओं को बनाते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि व्यक्तिगत रूप से किसी के गलत आचरण या फैसलों का विरोध न किया जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि चुनाव में नीरज कुमार का विरोध जारी रहेगा और वे उन्हें हर हाल में हराने का काम करेंगे।