शामली। हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में एनकाउंटर में मारे गए दोनों कथित शार्प शूटर सोनीपत के रहने वाले बताए गए हैं। इनमें गोगी गैंग से जुड़ा बताया जा रहा मोहित सोनीपत के बेयापुर खुर्द का रहने वाला था। परिवार के मुताबिक, मोहित पिछले करीब छह महीने से लापता था। उसकी मौत की खबर सुनते ही मां बेसुध हो गई। घर में रोने-बिलखने का माहौल है।

पुलिस से मुठभेड़ में मारे गए दोनों आरोपी

मिली जानकारी के मुताबिक, अंकित बालियान की हत्या के बाद मोहित और सुमित बागपत के रास्ते लोनी की ओर से फरार हो रहे थे। पुलिस ने दोनों को सुबह औद्योगिक क्षेत्र के पास सोनीपत जाने वाले रास्ते पर घेर लिया। पुलिस के मुताबिक, बदमाशों ने टीम पर फायरिंग की। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की।

पुलिस की फायरिंग में दोनों घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां दोनों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान मोहित और सुमित के रूप में हुई है। दोनों सोनीपत के रहने वाले बताए गए हैं।

छह महीने से घर से लापता था मोहित

परिवार के मुताबिक, मोहित करीब छह महीने पहले घर से लापता हो गया था। उसका परिवार पहले किराए के मकान में रहता था। पिछले छह महीने से उसकी मां, भाई और बहन अपने मामा के यहां रह रहे हैं।

परिवार का कहना है कि उन्हें मोहित के बारे में लंबे समय से कोई जानकारी नहीं थी। अंकित बालियान हत्याकांड में उसका नाम सामने आने की जानकारी भी परिवार को नहीं थी।

9वीं के बाद अपराध की दुनिया में आया

मोहित की मां के मुताबिक, उसने 9वीं कक्षा के बाद अपराध की दुनिया में कदम रखा था। दोस्तों के साथ हुए झगड़े के एक मामले में वह जेल भी गया था। पैरोल पर बाहर आने के बाद उसने बेयापुर खुर्द छोड़ दिया था।

मां ने बताया कि मोहित कई बार खुद को सुधारने की बात करता था। उनका कहना है कि उसके आसपास के दोस्त उसे सुधरने नहीं दे रहे थे।

आखिरी बातचीत के बाद नहीं मिली कोई खबर

परिवार के मुताबिक, मोहित की घरवालों से आखिरी बातचीत करीब छह महीने पहले हुई थी। इसके बाद उसका परिवार से संपर्क नहीं हुआ। परिजनों को यह भी जानकारी नहीं थी कि यूपी पुलिस ने उसे कब पकड़ा और कब उसका एनकाउंटर हुआ।

मोहित की मौत की खबर मिलने के बाद उसकी मां बेसुध हो गई। बहन और छोटे भाई का भी रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के सदस्य फिलहाल अपने मामा के पास रह रहे हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m