हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक ऑडियो ने सिंगर राहुल पुठी और उनके परिवार की चिंता बढ़ा दी है। ऑडियो में गैंगवार और दो और मर्डर करने की बात सामने आने के बाद हिसार जिले के गांव पुठी निवासी राहुल पुठी ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर किसी भी गैंग से अपने संबंध होने से साफ इनकार किया है। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं से वे और उनका पूरा परिवार बेहद डरा और डिप्रेस्ड है।
परिवार डिप्रेशन में, राहुल ने हाथ जोड़कर मांगी माफी
राहुल पुठी ने वीडियो में बताया कि हाल के दिनों में हरियाणा और यूपी में जो कुछ हुआ, उससे उनके माता-पिता, बहन और वे खुद काफी दुखी हैं। अपने चर्चित गाने ‘भारी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान’ का जिक्र करते हुए राहुल ने कहा कि अगर किसी भाई को इसके बोल से ठेस पहुंची है, तो वे हाथ जोड़कर माफी मांगते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके गाने केवल मनोरंजन के लिए होते हैं और उनका किसी भी आपराधिक गिरोह से कोई लेना-देना नहीं है।
गोगी-टिल्लू गैंग की दुश्मनी से जुड़ा मामला
राहुल पुठी का यह गाना अंकित बालियान की हत्या के बाद दोबारा चर्चा में आया है। गाने को राहुल पुठी ने गाया था और इसमें अंकित बालियान ने एक्टिंग की थी। साल 2021 में रोहिणी कोर्ट में जितेंद्र गोगी की हत्या के बाद यह गाना रिलीज हुआ था। आरोप है कि गोगी गैंग को शक था कि यह गाना रोहिणी कोर्ट में हुई गोगी की हत्या का मजाक उड़ाने और टिल्लू ताजपुरिया गैंग के समर्थन में बनाया गया था।
पुलिस जांच में अंकित की भूमिका
पुलिस जांच में सामने आया था कि गोगी गैंग को अंकित बालियान के टिल्लू गैंग से जुड़े होने का शक था। हालांकि, पुलिस के अनुसार अंकित सिर्फ गाने के वीडियो में बतौर कलाकार नजर आया था और गाने के बोल या संगीत से उसका कोई संबंध नहीं था। अब अंकित की हत्या के बाद सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो में दो और मर्डर की बात कहे जाने से मामला फिर गर्मा गया है।
मासूम शर्मा के साथ भी रहा है विवाद
राहुल पुठी का इससे पहले सिंगर मासूम शर्मा के साथ भी गानों को लेकर विवाद रहा है। मासूम के गाने ‘एक खटोला जेल के भीतर’ के जवाब में राहुल ने ‘जेल में बेड’ और ‘खटोला-2’ के जवाब में ‘जेल में कट्टा’ गाना लॉन्च किया था। बाद में बदमाशी को बढ़ावा देने वाले गानों पर हरियाणा सरकार की सख्ती के बाद दोनों के ये विवादित गाने हटा दिए गए थे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



