कुरुक्षेत्र। जिले के शाहाबाद में बराड़ा रोड पर रावा गांव के पास सड़क पर खड़ी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराने के कारण बाइक सवार 63 वर्षीय राज मिस्त्री सुदेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा बीती रात उस समय हुआ जब सुदेश कुमार काम खत्म करके शाहाबाद से अपने घर लौट रहे थे। ट्रैक्टर चालक अपने वाहन को सड़क के बीचोबीच रोककर टायर में हवा चेक कर रहा था, लेकिन उसने कोई इंडिकेटर चालू नहीं किया था और न ही ट्रॉली पर रिफ्लेक्टर लगा था।
अंधेरे में नहीं लगा अंदाजा, पीछे से घुसी बाइक
मृतक सुदेश कुमार रावा गांव के रहने वाले थे और पेशे से राज मिस्त्री थे। परिजनों के अनुसार, वे रात को अपनी बाइक पर सवार होकर रावा गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचे थे। वहां सड़क पर ही ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी थी। चालक द्वारा बिना किसी इंडिकेटर या रिफ्लेक्टर के वाहन खड़ा करने की वजह से सुदेश कुमार को इसका अंदाजा नहीं लग पाया और उनकी बाइक पीछे से ट्रॉली में जा टकराई। टक्कर के बाद वे सड़क पर गिर पड़े, जबकि आरोपी चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। मृतक के बेटे बलजीत सिंह ने स्थानीय लोगों की मदद से अपने पिता को तुरंत सिविल अस्पताल शाहाबाद पहुंचाया। हालांकि, वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया।
ट्रैक्टर नंबर के आधार पर मामला दर्ज
थाना शाहाबाद के एसएचओ जगदीश टामक ने बताया कि पुलिस ने मृतक के बेटे बलजीत सिंह के बयान दर्ज कर लिए हैं। बयानों और ट्रैक्टर नंबर के आधार पर शाहाबाद थाने में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



