रोहतक। हरियाणा के रोहतक जिले के गांव मदीना में रेडियो स्टेशन के पीछे झाड़ियों में करीब 25 वर्षीय अज्ञात युवक का अधजला शव मिला है। युवक के मुंह से खून निकल रहा था। हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव पर केमिकल डालकर आग लगाई गई थी। सुबह ग्रामीणों द्वारा शव देखे जाने के बाद दी गई सूचना पर थाना बहुअकबरपुर पुलिस और एफएसएल (FSL) की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
केमिकल डालकर शव मिटाने की कोशिश
पुलिस की प्राथमिक जांच के अनुसार, आरोपी ने युवक की हत्या करने के बाद साक्ष्य मिटाने के लिए शव को झाड़ियों में फेंका और केमिकल डालकर आग लगा दी। हालांकि, आग से शव पूरी तरह नहीं जल पाया। सुबह के समय ग्रामीणों ने झाड़ियों में अधजला शव देखा और तुरंत इसकी सूचना बहुअकबरपुर थाना पुलिस को दी।
शव की नहीं हो सकी शिनाख्त
सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल एक्सपर्ट को भी बुलाया गया। मृतक की उम्र लगभग 25 साल आंकी जा रही है। फिलहाल शव की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस आसपास के क्षेत्रों में शिनाख्त कराने के प्रयास कर रही है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
थाना बहुअकबरपुर इंचार्ज जसबीर ने बताया कि मदीना गांव में रेडियो स्टेशन के पीछे एक युवक का अधजला शव मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है। अभी तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की हर पहलू से गहनता से जांच कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



