रेणु अग्रवाल, धार। मध्य प्रदेश की राजनीति में उस वक्त हड़कंप मच गया जब धार जिले के धरमपुरी से बीजेपी विधायक कालू सिंह ठाकुर ने अपनी ही पार्टी की केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर के निवास के बाहर भूख हड़ताल करने का ऐलान कर दिया था। इस मामले में अब पार्टी संगठन ने कड़ा रुख अपनाते हुए विधायक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है और तीन दिन के भीतर जवाब तलब किया है।
यह था पूरा मामला?
धरमपुरी विधायक कालू सिंह ठाकुर ने धामनोद नगर पालिका के सीएमओ (CMO) पर जनता की समस्याओं की अनदेखी करने और सुनवाई न करने का गंभीर आरोप लगाया था। इसी के विरोध में विधायक ने केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर के धार स्थित सरकारी आवास के बाहर ही भूख हड़ताल पर बैठने का ऐलान कर दिया था। अपनी ही सरकार और केंद्रीय मंत्री के घर के बाहर विधायक के इस तीखे तेवर से जिले की सियासत में भूचाल आ गया था और यह मुद्दा विपक्षी दलों के बीच भी चर्चा का विषय बन गया था।
प्रदेश अध्यक्ष ने जारी किया नोटिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन ने अनुशासनहीनता मानते हुए तुरंत कार्रवाई की है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की ओर से 5 अक्टूबर 2026 को जारी पत्र (क्रमांक: BJPMP/BPL/10/26/) में विधायक को सख्त लहजे में चेतावनी दी गई है। “विगत दिनों आपके द्वारा जो आचरण किया गया, वह अत्यंत आपत्तिजनक है। आपके द्वारा किया गया आचरण पार्टी अनुशासन के अनुरूप नहीं है। अतः 3 दिन के अंदर अपना स्पष्टीकरण देवें, अन्यथा आपके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।”
बागेश्वर धाम से 170 लोगों के लापता होने का मामला: 75 दस्तयाब, अभी भी 95 लोगों का नहीं मिला सुराग
शीर्ष नेतृत्व तक पहुंची प्रतिलिपि
अनुशासनहीनता के इस मामले को पार्टी ने बेहद उच्च स्तर पर संज्ञान में लिया है। जारी किए गए इस कारण बताओ नोटिस की प्रतियां राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, मध्य प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब सहित पार्टी संगठन के तमाम वरिष्ठ पदाधिकारियों को अनिवार्य रूप से भेज दी गई हैं। अब देखना यह होगा कि विधायक कालू सिंह ठाकुर तीन दिन के भीतर अपने स्पष्टीकरण में क्या सफाई देते हैं और पार्टी का अगला कदम क्या होता है।
MP में मानसून की विदाई के बाद भी बारिश! 4 दिन तक इन इलाकों में गिरेगा पानी, इंदौर में लुढ़का रात का पारा

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

